लालू की भविष्यवाणी- पीएम नहीं बन पाएंगे मोदी
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भविष्वाणी की है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी प्रधानमंत्री नहीं बन पायेंगे। लालू ने कहा कि नरेंद्र मोदी को देश का पीएम बनने से रोकने के लिए सबकुछ करेंगे। लालू ने पटना में मीडिया से कहा, "जब तक मेरे शरीर में जान है, मैं मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने दूंगा।"
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू ने शपथ ली है कि 2014 के लोकसभा चुनावों के बाद एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों को तथा समान विचारधारा वाले दलों को एकजुट करेंगे।उन्होंने जनता से पूछा, "एक ऐसा राजनीतिज्ञ जो दो समुदायों में घृणा उत्पन्न करता हो तथा 2002 में गुजरात में हजारों लोगों की मौत का जिम्मेदार रहा हो, भला भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश का प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है? चूंकि मोदी को पूरे भारत का समर्थन नहीं है, इसलिए उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं हो सकता।" लालू ने आगे कहा कि मोदी भारतीयों नहीं बल्कि विदेशियों के लिये पीएम कैंडिडेट हैं।

मजेदार बात यह है कि लालू के इस बयान के बाद नरेंद्र मोदी ने सुबह अमेरिका और कनाडा के लोगों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए सेक्युलरिस्म यानी धर्मनिर्पेक्षता की नई परिभाषा दी और वो है इंडिया फर्स्ट। यानी मोदी के लिये सेक्युलरिज्म का मतलब भारत पहले। अब देखना यह होगा कि लालू की भविष्वाणी 2014 में सच होती है या नहीं। वैसे आप का क्या खयाल है इस संबंध में।












Click it and Unblock the Notifications