राजा भैया की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने कहा, थोड़ा करो इंतजार
लखनऊ। कुंडा में डिप्टी एसपी के तौर पर तैनात जिलाउल हक हत्याकांड के मामले में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का नाम आने के बाद उनकी गिरफ्तारी करवाने से कतरा रही उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की जांच का आदेश केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को देने के बाद अब इससे अपना पल्ला झाड़ लिया है। राजा भैया की गिरफ्तारी को लेकर अभी भी सवाल बना हुआ है। राजा भैया के खिलाफ सीओ की पत्नी द्वारा हत्या की साजिश का मुकदमा दर्ज कराने के दो दिन बाद भी अब तक न तो उनकी गिरफ्तारी हुई और न ही उनसे पूछताछ की गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव से जब मंगलवार को दिल्ली में राजा भैया की गिरफ्तारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है अब जो करना है वो सीबीआई करेगी।
वहीं आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुंडा पहुंचे और उन्होंने मृतक ग्राम प्रधान नन्हे यादव के परिवार वालों से मुलाकात की। उनके साथ उनके मंत्रीमंडल के कद्दावर नेता आजम खां भी मौजूद थे। अखिलेश के साथ मौजूद आजम खां से पूछा गया कि पूछा गया कि राजा भैया कि गिरफ्तारी होगी या नहीं तो उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच होगी तब सारी बातें सामने आयेंगे तबतक के लिये थोड़ा सा इंतजार कर लें। उधर कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि राजा भैया के दो करीबियों को उसी मुकदमे में गिरफ्तार किया तो उन्हें क्यों गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। राज्य सरकार राजा भैया को बचा रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि अगर पंद्रह दिन के अंदर सारे आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेस कुंडा से लेकर लखनऊ तक न्याय मार्च निकालेगी। पारिवार वालों से मुलाकात के बाद सीएम अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि हम लोग मृतकों के परिवार वालों को रोजगार देने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार ने ऐसी कोई मांग नहीं है जो हम पूरी ना कर सकें। उल्लेखनीय है कि कुंडा क्षेत्र के वलीपुर गांव में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में गांव के प्रधान नन्हें सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई। घटना को नियंत्रित करने पहुंचे कुंडा के सीओ जिलाउल हक की भी हिंसा के दौरान भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी।













Click it and Unblock the Notifications