इसी साल शुरू होगा मंगल पर तिरंगा फहराने का मिशन
नई दिल्ली। अंतरिक्ष विज्ञान में कई उपलब्धियां हासिल कर चुका भारत जल्द ही मंगल पर तिरंगा फहरायेगा। जल्द ही का मतलब दो-चार साल नहीं, बल्कि इसी साल यह कवायद शुरू हो जायेगी! जी हां इस बात की पुष्टि खुद देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने की है।
गुरुवार को बजट सत्र के दौरान अभिभाषण में राष्ट्रपति ने कहा, "हमारा अंतरिक्ष कार्यक्रम हमारी वैज्ञानिक उपलब्धियों का प्रतीक है और इससे देश को कई क्षेत्रों में फायदा हुआ है। 9 सितंबर, 2012 को पोलर उपग्रह प्रक्षेपण यान का प्रक्षेपण हमारा 100वां अंतरिक्ष मिशन था। हर मौसम में प्रतिबिंबन क्षमता वाला भारत का प्रथम सुदूर संवेदी उपग्रह रीसैट-I (RISAT-I) को भी वर्ष 2012 में प्रक्षेपित किया गया। वर्ष 2013 में कई अंतरिक्ष मिशन शुरू करने की योजना है, जिसमें मंगल ग्रह के लिए प्रथम मिशन तथा प्रथम नेविगेशनल उपग्रह का प्रक्षेपण भी शामिल है। यानी मंगल ग्रह पर जाने के लिये भारत अपने रॉकेट का प्रक्षेपण इसी साल करेगा।

देश के अंतरिक्ष विज्ञान क्षेत्र से ताज़ा खबर पर प्रकाश डालें तो इसरो के अधिकारी के मुताबिक इसी महीने 25 फरवरी को होने वाले रॉकेट प्रक्षेपण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह रॉकेट सात उपग्रहों को अपने साथ ले जाएगा। उपग्रहों को पीएसएलवी-सी20 रॉकेट से जोड़ने के बाद सभी उपग्रहों तथा रॉकेट की पूरी जांच कर ली गई है। इस स्तर पर रॉकेट परीक्षण की प्रक्रिया से गुजरता है। यह रॉकेट 25 फरवरी को श्री हरिकोटा रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र से छोड़ा जाएगा जिसके साथ जाने वाले सात उपग्रहों में भारत-फ्रांस के सहयोग से निर्मित उपग्रह 'सरल' भी है।












Click it and Unblock the Notifications