उमा का बेतुका बयान, जिन्ना से की शाहरुख के पिता की तुलना
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान पर पाक की नापक बयानबाजी ने अब एक नया तेवर अख्तियार कर लिया है। चारो तरफ प्रतिक्रियाओं का दौर शुरु है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने भी एक अजीबो-गरीब बयान दे दिया है। उन्होंने शाहरुख खान के पिता की तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से कर दी है। उमा भारती ने कहा है कि शाहरुख खान ने अपने कपड़े और जूते तक उतार लेने वाले देश अमेरिका के खिलाफ कुछ नहीं बोला और उन्हें भारत में रहने में समस्या हो रही है।
उमा भारती ने कहा कि शाहरुख खान कहते हैं कि उनके पिता फ्रीडम फाइटर थे तो क्या हुआ, जिन्ना भी तो थे। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान को मलिक का जवाब देना चाहिए। इसके अलावा उमा भारती ने पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक को अपने मुल्क की चिंता करने की नसीहत भी दी।

वहीं शिवसेना ने भी शाहरुख खान से इस संबंध में बयान देने की मांग की है। दूसरी तरफ शिवसेना ने पाकिस्तान को नसीहत दिया है और कहा कि पाकिस्तान को अपने देश के बारे में सोचना चाहिए। पार्टी के मुखपत्र 'सामना' के संपादक प्रेम शुक्ला ने पत्र में लिखा है कि जितना सुरक्षित पाकिस्तान में जरदारी और रहमान नहीं है उससे कहीं ज्यादा सुरक्षित शाहरूख खान भारत में है।
जब जरदारी किसी की नहीं सुनते तो उन्हें अपनी जान बचाने के लिए विमान से दुबई भागना पड़ता है इसलिए पाकिस्तान के मंत्री रहमान मलिक को भारत सरकार को नसीहत देने की जरूरत नहीं है। सामना में साफ तौर पर लिखा है कि पाक में मंदिर-मस्जिद कुछ भी सुरक्षित नहीं है। पाक इंटरनेशनल स्तर पर शाहरूख का पक्ष लेकर भारत को बदनाम कर रहा है जो कि स्वीकार्य नहीं है। अच्छा इसी में वो अपना बेशर्म मुंह बंद रखे। मालूम हो कि पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक का कहना है कि अभिनेता शाहरूख खान को भारत सरकार सुरक्षा मुहैया कराये क्योंकि किंग खान के ऊपर आतंकी साया मंडरा रहा है। पाक गृहमंत्री ने कहा कि शाहरूख खान जन्मजात भारतीय है। इसलिए उनके बारे में निगेटिव सोच नहीं रखनी चाहिए। वो एक महान कलाकार है जिसने भारत का नाम रौशन किया है इसलिए भारत सरकार का कर्तव्य बनता है कि वो किंग खान को स्पेशल प्रोटेक्शन दे।












Click it and Unblock the Notifications