दिग्गी जी आपके पास है कोई 'राम' जो इस 'रावण' का वध करे?
नयी दिल्ली। नरेन्द्र मोदी के 3डी चुनाव प्रचार को लेकर कांग्रेस में खलबली मची हुई है। ऐसे हालात पैदा हो गये हैं कि कांग्रेस की तरफ से अब बेतुके बयान जारी किये जा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को ही देख लीजिए। उन्होंने मोदी की तुलना दस सिर वाले रावण से कर दी है। मोदी के 3डी प्रचार के बारे में दिग्विजय सिंह से पूछा गया तो उन्होंने मजाक उड़ाते हुए कहा कि 3डी अभियान कुछ खास नहीं है। इस अभियान के तहत अगर एक आदमी एक जगह बोलता है तो उसकी आवाज दस जगह सुनाई देती है और उसका चेहरा भी नजर आता है। इसी कम्र में दिग्विजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि रामायण में भी एक ऐसा व्यक्ति था, जिसके दस मुंह थे। उनका इशारा रावण की तरफ था।
खैर दिग्विजय सिंह के विवादास्पद और बेतुके बयान से तो पूरा देश परिचित है मगर सवाल यह है कि दिग्विजय के पास कोई 'राम' है जो इस 'रावण' का वध कर सके? दिग्विजय सिंह को जरा आंकड़ों पर नजर डालने की जरुरत है क्योंकि चुनाव के पहले किये गये हर सर्वे में कहा गया है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का करिश्मा राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में सात और अधिक सीटों के साथ भारतीय जनता पार्टी को एक बड़े अंतराल से जीत दिलाएगा, जबकि कांग्रेस इस बार 51 सीटों तक सिमट सकती है।

दिग्विजय सिंह को यह पता होना चाहिए कि रणभूमि सिर्फ गुजरात चुनाव ही नहीं है। 2014 की रणभूमि तैयार हो चुकी है और कांग्रेस को इस बात पर मंथन करने की आवश्यक्ता है कि अगर भारतीय जनता पार्टी ने मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार बना दिया तो आपकी पार्टी में कौन सा नेता है, जिसे आप इस रावण का वध करने के लिये तब उतारेंगे। दिग्विजय सिंह को सोचना चाहिए कि उनकी पार्टी में भीष्म पितामह का दर्जा रखने वाले प्रणब मुखर्जी अब राष्ट्रपति बन गये हैं। वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी एक और कार्यकाल पक्का दिखाई नहीं दे रहा है। गंभीर सवाल यह भी है कि क्या 2014 के लिये कांग्रेस के रथ के कृष्ण बने राहुल गांधी, इस रावण का वध कर पायेंगे? सवाल इसलिये भी गंभीर है क्योंकि कांग्रेस के ऊपर इसी रावण की पार्टी का साया सबसे बड़े खतरे के रूप में मंडरा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications