उतर गया अन्ना हजारे का पोस्टर, टूट गये फॉलोवर्स
बेंगलूरु। भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की अलख जगाने वाले अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल के अलग होने के बाद सबसे बड़ी खबर यह है कि आंदोलन से जुड़े 475,633 फॉलोवर्स अन्ना नहीं बल्कि केजरीवाल के साथ हो लिये हैं। आप यह खबर पढ़कर चौंक जरूर गये होंगे, लेकिन यह सच है, क्योंकि अन्ना का पोस्टर अब उतर चुका है, उनके फॉलोवर्स टूट चुके हैं।

जी हां हम बात कर रहे हैं इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट की। यह मूवमेंट टीम अन्ना के कई सदस्यों ने मिलकर शुरू किया, लेकिन अब इस मूवमेंट से अन्ना अलग हो चुके हैं। यानी अन्ना को अब अपना नया फॉलोवर्स बेस खोजना होगा। हम यह बात आईएसी के फेसबुक पेज के दम पर कह रहे हैं। अन्ना से नाता टूटने के बाद इस फेसबुक फैन पेज के टाइमलाइन पर कवर फोटो से अन्ना की तस्वीर हटा दी गई। खास बात यह है कि बाकी का कवर फोटो ठीक वैसा ही है। आप चित्र में देख सकते हैं।
हालांकि आईएसी की ऑफीशियल वेबसाइट पर अन्ना के ब्लॉग का लिंक अभी लगा हुआ है और नीचे हुंकार भरते अन्ना की तस्वीर भी मौजूद है। यह खबर इसलिये महत्वपूर्ण है, क्योंकि अन्ना के मूवमेंट को बल देने में फेसबुक व अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। खास बात यह है कि आईएसी के 4 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। अब देखना यह है कि अन्ना की तस्वीर हटाये जाने के बाद क्या फर्क पड़ता है। क्या ये फॉलोवर आईएसी से नाता तोड़ देंगे, या केजरीवाल को संसद तक पहुंचाने में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications