अन्ना पार्टी से घबराई कांग्रेस ने प्रियंका को मैदान में उतारा

प्रियंका में कांग्रेसियों को इंदिरा गांधी का रूप दिखता है इसलिए प्रियंका की राजनीति में इंट्री से कांग्रेसी खासे उत्साहित है। उन्हें अब लगने लगा है कि 2014 में कांग्रेस को एक बार फिर लोकसभा चुनाव जीतने के लिए ज्यादा कसरत नहीं करनी पड़ेगी।
प्रियंका गांधी को कांग्रेस में रायबरेली की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि वह दिल्ली में भी जनता दरबार लगाएंगी। प्रियंका इससे पहले भी रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रचार के दौरान कमान संभाल चुकी हैं। लेकिन पिछली बार रायबरेली में प्रियंका का भी जादू नहीं चल पाया था और कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव हार गई थी।
सूत्र बता रहे हैं कि बीमारी की वजह से सोनिया गांधी का रायबरेली दौरा नहीं हो पा रहा है इसलिए प्रियंका को रायबरेली की जिम्मेदारी दी गई है पर एक कांग्रेसी नेता ने वन इंडिया को बताया कि रायबरेली में कमान देकर प्रियंका को सक्रिय राजनीति में उतारने की योजना है।
अभी तक वह इसलिए नहीं आ पा रही थी कि उनके बच्चे अभी छोटे छोटे थे और वह समय नहीं निकाल पा रही थी पर अब उनके बच्चे बड़े हो गए हैं इसलिए कांग्रेस प्रियंका को सक्रिय जिम्मेदारी देकर लोगों में यह संदेश देना चाहती है कि इंदिरा के प्रतिरूप को उन्होंने राजनीति में उतार दिया है।
उन्होंने बताया कि अब यह फाइनल हो गया है कि राहुल गांधी को अब सरकार में सक्रिय भूमिका निभानी है और प्रियंका को संगठन में जिम्मेदारी। हालांकि प्रियंका खुद चुनावी राजनीति में उतरेंगी या नहीं, अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हो सका है पर इतना तय है कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले संगठन में न सिर्फ प्रियंका बड़ी भूमिका में होंगी, बल्कि स्टार प्रचारक भी होंगी।












Click it and Unblock the Notifications