कैसरबाग हत्याकांड: यूपी पुलिस की 'फेट' ने पहुंचाया कातिलों तक

डाग स्क्वायड की कुतिया फेट एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस से दो कदम आगे चलने वाली फेट की तारीफ पुलिस के आला अधिकारी भी कर रहे हैं। कारण है कि इस बार फिर उसने एक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करने में पुलिस की काफी मदद की है।
गौरतलब है कि बुधवार को दोपहर राजधानी के व्यस्ततम इलाके कैसरबाग में एक सचिवालय अधिकारी के घर बदमाशों ने घुसकर लूट की और अधिकारी की मां की हत्या कर दी। घटना की जांच पर निकली पुलिस स्वायड अपने साथ फेट को लेकर गयी जिसने जांच को नया मोड़ दिया और फेट मौका-ए-वारदात पर पहुंचने के बाद सीधे उस जगह जा रुकी जहां पर आरोपी शानू का घर था।
इसके बाद पुलिस को शक हो गया। पुलिस ने लाइन से आसपास के सभी संदिग्धों को उठा लिया, जिसमें शानू भी शामिल था। घर की नौकरानी के सामने जैसे ही आरोपी शानू पहुंचा उसने फौरान उसको पहचान लिया। नौकरानी ने बताया कि शानू ने ही घर के दरवाजे पर सबसे पहले दस्तक दी थी। उसने जैसे ही दरवाजा खोला शानू ने उसको धक्का देकर घर के अंदर ढकेल दिया।
इसके बाद और भी बदमाश अंदर घुस गये। पूछताछ में पकड़े गये बदमाश शानू ने बताया कि इस घटना में उसके मामा इजहार का साला शकील और उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे। पुलिस शकील और उसके फरार दोनों साथियों की तलाश कर रही है। छानबीन में पुलिस को इस बात का पता चला कि आरोपी शानू के मामा इजहार सचिवालय अधिकारी के घर से चंद कदमों की दूरी पर रहता था।
इजहार के घर पर ही सचिवालय अधिकारी के घर लूटपाट की पूरी योजना बनी। पुलिस ने बताया कि डाग स्क्वायड की कुतिया फेट ने हाल में मड़ियांव इलाके में एक ट्रांसपोर्टर की हत्या के खुलासे में भी अहम भूमिका निभायी थी। उक्त हत्या ट्रांसपोर्टर की पत्नी और उसके चालक ने अवैध सम्बंधों में अंजाम दी थी।












Click it and Unblock the Notifications