सीबीआई ने किया एक और एडमिशन रैकेट का पर्दाफाश

सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि यह गिरोह एडमिशन के नाम पर करीब तीस लाख रुपये ऐंठता था। गिरोह में कई डाक्टर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को सीबीआई ने हिरासत में लिया है उसमें डॉक्टर अरुण गोयल, नयन गोयल, डॉक्टर अमित कपूर और विनय कुमार का नाम शामिल हैं। नयन, अरुण गोयल का पुत्र है।
सीबीआई के मुताबिक डॉक्टर अरुण गोयल ने बेटे नयन गोयल के डेंटल कोर्स में दाखिले के लिए अमित कपूर से संपर्क किया था। अमित ने अरुण गोयल को विनय कुमार से मिलवाया। इस पूरे खेल में शालीमार बाग स्थित एक कोचिंग सेंटर एशियन एकेडमी का भी नाम सामने आ रहा है। कोचिंग सेंटर पढ़ाई के नाम पर मोटी रकम लेकर मेडिकल कॉलेज में दाखिले का रैकेट चला रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर सीबीआई की टीम ने बुधवार को डॉक्टर अरुण गोयल के घर से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने दाखिले की डील के दौरान छापा मारकर 20 लाख रुपये भी बरामद किए।
सूत्रों ने बताया कि गिरोह का सरगना इरशाद पाशा उर्फ अमित कपूर शैक्षणिक सलाहकार सेवा फर्म एशियन एकेडमी का संचालन करता है। सीबीआई इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। सूत्रों का कहना है कि सलाहकार सेवा फर्म की आड़ में इरशाद प्रवेश परीक्षा के लिए फर्जी परीक्षार्थियों को भी उपलब्ध कराने का काम किया करता था।












Click it and Unblock the Notifications