हरियाणा को एजूकेशन हब बनाने की आधारशिला

Haryana chief minister Bhupinder Singh Hooda
सोनीपत। हरियाणा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का शिक्षा का हब बनाने की दिशा में एक ठोस कदम उठाते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत के कुंडली में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में दस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की आधारशिला रखी। हुड्डा ने कहा कि यह नींव का पत्थर नहीं, बल्कि विकास का पत्थर है, जो आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को संवारेगा। सीएम ने राई को उप तहसील, मुरथल को ब्लॉक बनाने की घोषणा की। आईआईटी दिल्ली के विस्तारीकरण केंद्र के लिए एजुकेशन सिटी में 50 एकड़ भूमि अलाट करने की घोषणा भी की। आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. शिवगांवकर द्वारा एजुकेशन सिटी में एक्सटेंशन विस्तार के लिए सांसद दीपेंद्र हुड्डा को आवेदन किया था।

इन संस्थानों की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री हुड्डा ने भारती विद्यापीठ विश्वविद्यालय, पूना, अशोका विश्वविद्यालय, एशियन एजुकेशन सोसायटी के स्काई लाइन बिजनैस स्कूल, फाउंडेशन फॉर ऑर्गेनाइजेशन रिसर्च एण्ड एजुकेशन, मानव रचना इंटरनैशनल विश्वविद्यालय (डीम्ड यूनिवर्सिटी), एन सी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड रिसर्च, हिन्दू स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर, आरआईएमटी टैक्नीकल कैम्पस, श्रीबलवन्त इस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी और एसआरएम यूनिवर्सिटी आदि विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की आधारशिला रखी। इन संस्थानों में 25 प्रतिशत सीटें हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होंगी और प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छूट का प्रावधान भी किया गया है।

अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित एवं पुराने पेनसिलवेनिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड अप्लाइड साईंस के संयुक्त तत्तवावधान में अशोका विश्वविद्यालय 25 एकड़ भूमि पर दो स्कूल स्थापित करेगा जहां विद्यार्थियों को हावर्ड, स्टैनफोर्ड, ऑक्सफोर्ड तथा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों के स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। लगभग 4000 विद्यार्थियों की क्षमता वाला यह विश्वविद्यालय 2014 में दो स्कूलों से शुरूआत करेगा, जिसमें स्कूल आफ ह्युमैनिटी एंड सोशल साईंसेज तथा स्कूल आफ नेचुरल एंड अप्लाइड साईंस शामिल हैं।

इस विश्वविद्यालय को अमेरिकन वास्तुकार परकिन ईस्टमैन द्वारा डिजाइन किया जा रहा है, जिन्होंने विश्वभर में कई प्रतिष्ठित संस्थानों पर काम किया है। उल्लेखनीय है कि हैदराबाद के प्रतिष्ठित इंडियन स्कूल आफ बिजनेस को भी इसी शिक्षण संस्थान द्वारा स्थापित किया गया था। देशभर में अपने बिजनेस स्कूल, कम्युनिकेशन और ट्रेवल एवं टूरिज्म संस्थानों के लिए प्रसिद्ध स्काई लाइन एजुकेशन ग्रुप भी राजीव गांधी एजुकेशन सिटी की चार एकड़ भूमि पर एक बिजनेस स्कूल स्थापित करेगा। यह संस्थान बिजनेस मैनेजमेंट विषयों में अंतर्राष्ट्रीय बिजनेस, मार्केटिंग, इंफोर्मेशन सिस्टम, टूरिज्म, ह्युमन रिसॉस मैनेजमेंट तथा इंश्योरेंस के विशेष पाठ्यक्रम उपलब्ध करवायेगा। यह बिजनेस स्कूल स्नातक तथा स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करेगा।

हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम,2006 के तहत स्थापित किया जाने वाला मानव रचना अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय (डीम्ड यूनिवर्सिटी) मेडिसिन, इंजीनियरिंग एवं टैक्नोलॉजी तथा मैनेजमेंट स्टडीज की फैकल्टी उपलब्ध करवायेगा। विश्वविद्यालय वर्ष 2013 में एमबीबीएस कार्यक्रम के अंतर्गत एक 300 बिस्तर का अस्पताल स्थापित होगा, जिसका बाद में चरणबद्ध रूप से 700 बिस्तर तक विस्तार किया जायेगा। इस विश्वविद्यालय के एमबीबीएस कार्यक्रम के तहत 2015 में दाखिले शुरू हो जायेंगे। इस विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2013-14 से अप्लाइड मैनेजमेंट में बीटैक, एमटैक, एकीकृत बीटैक, एवं एमटीएम, एमबीए तथा एकीकृत स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पेशकश करेगा।

दक्षिण भारत के प्रसिद्ध एसआरएम गुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा राजीव गांधी एजुकेशन सिटी की 47.62 एकड़ भूमि पर एसआरएम विश्वविद्यालय स्थापित किया जायेगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से संपन्न इस विश्वविद्यालय द्वारा मेडिकल, डेंटल, फार्मेसी, नर्सिंग, इंजीनियरिंग एवं टैक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर, साईंस एवं ह्युमैनिटी तथा मैनेजमेंट में पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाये जायेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में ऑडिटोरियम, इंजीनियरिंग ब्लॉक, विमानन, आर्किटेक्चर, नैनो, बॉयो टैक्नोलॉजी ब्लॉक सहित एक चिकित्सा संस्थान एवं एक अस्पताल भी स्थापित किया जायेगा। फाउंडेशन फॉर ऑर्गेनाइजेशन रिसर्च एण्ड एजुकेशन संस्थान द्वारा एजुकेशन सिटी में लगभग 74 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना के द्वारा स्नातकोत्तर स्तर पर प्रबंधन में डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया जायेगा। यहां 7.38 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस प्रतिष्ठित संस्थान में अधिकतम 600 विद्यार्थी प्रबंधन में डिप्लोमा प्राप्त कर सकेंगे और संस्थान होस्टल सुविधा भी प्रदान करेगा।

लगभग एक शताब्दी से प्रदेश में उच्च कोटि की शिक्षण सेवाएं प्रदान करती आ रही द सोनीपत हिन्दू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा हिन्दू स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर स्थापित किया जायेगा जोकि पांच वर्षीय बी आर्किटेक्चर पाठ्यक्रम की पेशकश करेगा। यह संस्थान दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय, मुरथल से संबद्ध है तथा इसके पाठ्यक्रम को काउंसिल आफ आर्किटेक्चर ने अपनी स्वीकृति दी है। प्रदेश में अपने विभिन्न संस्थानों के द्वारा कंप्यूटर और प्रबंधन पाठ्यक्रमों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाता रहा एनसी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट भी राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में एनसी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड रिसर्च स्थापित करेगा। यह संंस्थान इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्तर भारत का एक प्रतिष्ठित संस्थान है और इसमें उत्तीर्ण विद्यार्थियों की प्लेसमेंट दर 90 प्रतिशत तक रही है। यह संस्थान कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबद्ध है।

उच्च स्तरीय गुणात्मक व्यवसायिक शिक्षा के लिए प्रसिद्ध श्री बलवन्त इस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी मुरथल के दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबद्ध एक प्रतिष्ठित संस्थान है और मैनेजमेंट तथा इंजीनियरिंग के स्नातकोत्तर पाठयक्रमों की पेशकश करता है। पूना का प्रतिष्ठित भारती विद्यापीठ विश्वविद्यालय द्वारा भी एक कैंपस राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में स्थापित किया जायेगा। इस विश्वविद्यालय की मैनेजमेंट, मेडिसिन, लॉ, इंजीनियरिंग, साईंस, आर्ट्स, फार्मेसी, आर्किटेक्चर और सोशल वर्क जैसे विभिन्न संकायों की 29 इकाई स्थापित है। इस विश्वविद्यालय को देश के अग्रणीय निजी विश्वविद्यालयों में गिना जाता है।

आरआईएमटी टैक्निकल कैंपस में बीटैक, बी आर्किटेक्चर, एमबीए तथा एमसीए आदि तकनीकी पाठ्यक्रम होंगे। यह कैंपस 13 एकड़ भूमि पर विकसित होगा और इसमें होस्टल, खेल का मैदान, कैफे, लाईब्रेरी, प्रयोगशाला और कंप्यूटर लैब भी होंगी। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में छात्रों और प्राध्यापकों की आधुनिकतम जरूरतों के अनुसार छात्रावासों, स्टाफ हेतु आवास, होटलों, मल्टीप्लेक्स, शापिंग काम्पलेक्स, मेडिकल सेंटर, पोस्ट ऑफिस, पुलिस स्टेशन, कन्वेंसन सेंटर, सेमिनार कक्ष, आर्ट गैलरी, सभागार, साप्ताहिक बाजार, फूड कोर्ट का भी प्रावधान किया गया है। यहांं 12.50 एकड़ क्षेत्र में एक शानदार झील भी विकसित की जाएगी। पूरी सिटी में 24 घंटे पानी की आपूर्ति होगी। सिटी में भू-जल के लिए वर्षा जल संंचयन प्रणाली तथा मलजल निसार संयंत्र भी बनाया जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+