नरसंहार के आरोपी ब्रह्मेश्वर की तेरहवीं में 15 सिलेंडर फटे
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रह्मेश्वर सिंह के तेरहवी के लिये आरा के एक स्कूल में खाना बन रहा था। उसी दौरान एक के बाद एक 15 सिलेंडर ब्लास्ट हो गये और स्कूल में भयंकर आग लग गई। सूचना पर दमकल की दर्जनों गाडि़यां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। इस घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।
पढ़ें: आखिर कौन थे ब्रह्मेश्वर सिंह और क्या है रणवीर सेना?
मालूम हो कि बीते 1 जून को बिहार के भोजपुर जिले में नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत कतिरा मुहल्ले में अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर जातीय संगठन रणवीर सेना के प्रमुख ब्रह्मेश्वर सिंह की हत्या कर दी थी। ब्रहमेश्वर सिंह उर्फ ब्रह्मेश्वर मुखिया (70) सुबह की सैर पर निकले थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया था। गौरतलब है कि बिहार में प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना पर कई जातीय नरसंहारों को अंजाम देने का आरोप है। सिंह पर इन नरसंहारों की साजिश रचने का आरोप था। रणवीर सेना के प्रमुख के रूप में नरसंहार से संबंधित 22 मामलों में से 16 में सिंह बरी हो चुके थे और छह में जमानत पर थे।