पार्क, स्मारक व मूर्ति में नहीं लगे 40 हजार करोड़: बसपा

बसपा प्रवक्ता ने कहा कि मूर्ति, पार्क और स्मारक के निर्माण पर 40 हजार करोड़ रूपये खर्च ही नहीं हुये हैं फिर इतनी बड़ी राशि का घोटाला कैसे हो सकता है। हालांकि बसपा की ओर से यह नहीं बताया गया कि निर्माण में कितनी राशि खर्च हुई है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गलत बयानी कर राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं। सपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान ऐसी बातें कह कर राज्य की जनता में भ्रम पैदा किया। उन्होंने कहा कि अब सरकार में होने के बाद सपा नेताओं, मंत्रियों और मुख्यमंत्री को इस बात की जानकारी अवश्य हो जानी चाहिये कि पार्क, स्मारक और मूर्तियों के निर्माण पर कितनी राशि खर्च की गयी है लेकिन मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री भी इस मामले में गलत बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्क, स्मारक और मूर्तियों के निर्माण पर राज्य के कुल बजट का एक प्रतिशत ही खर्च किया गया है और इसकी स्वीकृति वैधानिक तरीके से बजट में प्रावधान कर की गयी है। इसकी पूरी जानकारी सपा सरकार को होनी चाहिये क्योंकि पिछले पांच वर्षों तक वह विपक्ष की भूमिका में रहे हैं।
उन्होंनें कहा कि मुख्यमंत्री ने यह भी गलत बयान दिया है कि स्मारक पार्क की हजारों एकड़ खाली जमीन पर कालेज और अस्पताल बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि स्मारकों का निर्माण कुल पांच सौ एकड़ में किया गया है लिहाजा इसमें हजारों एकड़ खाली जमीन होने का सवाल नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications