अखिलेश से बोले विधायक, "व्हॉट एन आईडिया सर जी"

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का यूपी को आईटी हब बनाने का सपना जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने इसकी शुरूआत विधान सभा व विधान परिषद से ही कर दी है। सूत्रों के अनुसार विधायकों को 3जी मोबाइल देने की योजना लागू होने वाली है। इसकी वित्तीय रूप रेखा वित्त विभाग ने तैयार कर ली है। विधायकों को सिर्फ 3जी मोबाइल ही नहीं कुछ अन्य आधुनिक उपकरण भी दिए जाएंगे और इप उपकरणों की देखरेख के लिए विधानसभा के 403 सदस्यों और विधान परिषद के 99 सदस्यों को 6,000 रुपये प्रति माह दिया जाएगा।
लखनऊ कैंट से विधायक रीता बहुगुणा जोशी ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है उन्होंने कहा कि 'यह एक अच्छा कदम है, बदलते वक्त के साथ आवश्यक है। इससे काम काज करने में काफी सहूलियत होगी। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पहली बार विधायक बने कलराज मिश्रा ने कहा कि मुझे इसकी कोई विस्तृत जानकारी नहीं है लेकिन यह बहुत सकारात्मक लग रहा है। अखिलेश ने विधायकों को नवीनतम गैजेट्स जैसे इंटरनेट सुविधा वाला मोबाइल, डेटा कार्ड और 3जी कनेक्शन देने का फैसला लिया है।
उन्होंने अधिकारियों को रूपरेखा तैयार करने को कहा था, जिसके बाद परियोजना को हरी झंडी दिखाई गई। अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय विभाग के साथ विचार विमर्श और कानून विभाग से स्वीकृति के बाद ही परियोजना को हरी झंडी दी गई है। इस परियोजना से प्रदेश के खजाने पर प्रतिमाह 3.12 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। ज्ञात हो कि अब तक विधायकों को मोबाइल फोन और घर के लिए लैंडलाइन फोन दिया जाता है। लोग अखिलेश यादव के इस कदम की सराहना कर रहे हैं उनका कहना है कि आधुनिकता के इस दौर में इस प्रकार के कार्य काफी महत्वपूर्ण हैं।












Click it and Unblock the Notifications