दिल्ली: एमसीडी प्रत्याशी की पत्नी को घर में घुस कर गोली मारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के बुध विहार से एमसीडी चुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी एसके उपाध्याय बुधवार की शाम अपने घर पर मौजूद नहीं थे। उसी दौरान हथियारों से लैस दर्जनों बदमाश उनके घर में घुस आये। पहले तो बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली और फिर एसके उपाध्याय की पत्नी को गोली मार दी। गोली लगते ही एस के उपाध्याय की पत्नी जमीन पर गिर पड़ी। इतने में बदमाश फरार हो गये।
गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि श्री उपाध्याय की पत्नी जमीन पर गिरी है और पूरे घर में खून फैला हुआ है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घायलावस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। सूत्रों की मानें तो उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की छानबीन शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों के निशाने पर एसके उपाध्याय थे मगर घर में मौजूद ना होने के कारण बदमाशों ने उनकी पत्नी को गोली मार दी।