यूपी: सपा राज में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

लखनऊ के गोसाईंगंज इलाके में हथियार से लैस दो बदमाशों ने बीच सड़क पर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गये। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय सुरेश रावत गोसाईंगंज बाजार में एक दुकान पर बैठकर किसी से बात कर रहे थे।
इतने में दो लोग मोटरसाइकिल से आये और सुरेश से बात करने लगे। देखते ही देखते दोनों में कहासुनी होने लगी और मोटरसाइकिल सवार युवकों ने सुरेश पर फायर कर दिया। गोली लगते ही सुरेश जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग जबतक कुछ समझ पाते और सुरेश अस्पताल ले जाते सुरेश मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरु कर दी।
पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और छानबीन कर रही है। सुरेश के करीबी लोगों की मानें तो हत्या के पीछे आपसी रंजिश सामने आ रही है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मालूम हो कि लखनऊ में 24 घंटे के भीतर हत्या की यह दूसरी वारदात है जिसने अखिलेश के गुंडा मुक्त प्रदेश पर अंगुली उठाने का काम किया है। इससे पहले शुक्रवार की सुबह गोमतीनगर इलाके में मामूली सी बात को लेकर दबंगों ने एक व्यक्ति को गाड़ी से कुचल कर उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications