रामदेव बोले- होनहार है अखिलेश, गुरु बदलें राहुल
पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद बाबा रामदेव कांग्रेस पर बरसे। उन्होंने कहा कि यूपी के चुनाव में दो युवराज की प्रतिष्ठा दांव पर थी जो होनहार युवक जीता उसे बधाई। आज पार्टी को जीत दिलवाई, कल यूपी के मुख्यमंत्री बनें। अखिलेश यादव ने सलाह मानी परिणाम मिला। हारने वाले युवराज को सलाह दी थी कि गुरु बदल दो, नहीं मानी जिसका परिणाम भुगतना पड़ा। उनका इशारा संभवतः दिग्विजय सिंह की ओर था। पांच राज्यों में आए चुनाव परिणाम देश के राजनीतिक पार्टियों के लिए संदेश हैं। मैं तो यह कहूंगा कि केंद्रीय सत्ता में काबिज पार्टी राजनीति की डूबती हुई नाव है। इसमें जो बैठेगा डूबेगा। समर्थन देने वाले वापस लें। ईमानदार हैं तो दूसरी पार्टी बना लें।
पांच राज्यों का चुनाव परिणाम आने के बाद रामदेव मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने साफ कहा कि सपा नेता अखिलेश यादव को कुछ सलाह दी थी जिसे उन्होंने माना। आगे भी सलाह देते रहेंगे। वोटिंग प्रतिशत बढ़ा जिससे परिणाम भी बदले। मैं सीधे तौर पर एक पार्टी का विरोध कर रहा हूं। मैंने चुनाव से पूर्व कहा था कि भ्रष्ट पार्टी को यूपी में 30-40 सीटें मिलेंगी। वही हुआ। मेरी भविष्यवाणी सत्य साबित हुई। परिणाम से भारतीय राजनीति का रुख बदलेगा। न सिर्फ राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के चुनाव पर प्रभाव दिखेगा, बल्कि आगामी सामान्य चुनाव में सामने आएगा। भारतीय राजनीति मुद्दों की तरफ लौटनी शुरू हो गई है।
कालाधन, भ्रष्टाचार, लोकपाल जैसे मुद्दों पर वोटिंग हुई है। एक भ्रष्ट पार्टी की पराजय हुई है। देश को इंसाफ मिला है। हालांकि, कांग्रेस को कुछ सीटें बढ़ाने पर बधाई दी जानी चाहिए। हारे व्यक्ति को ढांढस देना चाहिए। जनता ने फैसला सुना दिया है। भ्रष्टाचार, काले धन को बढ़ावा देने वाले या गुंडागर्दी करने वालों को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। मैं कोई सपा का प्रवक्ता नहीं, लेकिन जो भ्रष्टाचार का विरोधी है मैं उसका साथी हूं।
हारने वाली पार्टी के युवराज ने जो-जो नारे यूपी में दिए मतदाता ने उसका जवाब अपने अंदाज में दिया है। उन्होंने कांग्रेस ललकारते हुए कहा कि आगामी मानसून सत्र में फिर से महा आंदोलन दिल्ली से ही होगा। रामलीला मैदान से बड़ा आंदोलन होगा। उसमें माननीय अन्ना हजारे की टीम साथ रहेगी। आगामी लोकसभा चुनाव में महाक्रांति होगी। चाहे हम पर कोई अत्याचार हो, आंदोलन जारी रखेंगे। नतीजा जो भी आए हमें मंजूर है।













Click it and Unblock the Notifications