सेनाध्यक्ष वीके सिंह की विदाई की तैयारियां शुरू

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सैन्य सचिव शाखा ने रिटायरमेंट वार्निग लेटर (आरडब्ल्यूएल) के जरिए जनरल वीके सिंह को 31 मई 2012 को कार्यकाल समाप्ति अधिसूचित कर दी है। इस बीच नए सेना प्रमुख के चयन की प्रक्रिया के भी अगले एक माह में पूरा हो जाने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक इस पद के लिए तीन अधिकारियों के नाम चर्चा में है उनमें पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिक्रम सिंह, उप सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह और सेना की उत्तरी कमान के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक का नाम शामिल है।
उल्लेखनीय है कि सेनाध्यक्ष के जन्मतिथि विवाद के कारण नए सेना प्रमुख के चयन की प्रक्रिया में देरी हुई। वहीं इसके चलते जनरल सिंह को रिटायरमेंट वार्निग लेटर जारी करने में भी करीब आठ महीने की देरी हुई। सैन्य अधिकारियों को सेवानिवृत्ति में 10-11 महीने का वक्त रहने पर सैन्य सचिव शाखा आरडब्ल्यूएल जारी करती है। जनरल सिंह के नाम जारी आरडब्ल्यूएल ने सेना की सभी शाखाओं में उनकी जन्मतिथि 10 मई 1950 किए जाने का भी सबूत दिया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने सेवा रिकार्ड में सेनाध्यक्ष की जन्मतिथि 10 मई 1950 माने जाने का फैसला दिया था। महत्वपूर्ण है कि इससे पहले नवंबर 2011 में मंत्रालय ने सैन्य सचिव शाखा को जनरल सिंह का आरडब्ल्यूएल जारी करने को कहा था। हालांकि अधिकारियों के जन्मतिथि संबंधी रिकार्ड रखने वाली एजी शाखा ने अपने रिकार्ड में दर्ज जन्मतिथि 10 मई 1951 के आधार पर सैन्य सचिव शाखा को जनरल सिंह का कार्यकाल मई 2012 में पूरा होने की जानकारी नहीं भेजी थी।












Click it and Unblock the Notifications