सियासी सरगर्मी के बीच कल थम जायेगा चौथे चरण का चुनाव प्रचार
कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी लखनऊ में रोड शो कर रहे हैं, तो मायावती जनसभा कर रही है। प्रियंका गांधी सुलतानपुर अमेठी में रोड शो कर रही है तो मुलायम सिंह कानपुर जनसभा कर रहे हैं। इतना ही नहीं लाल कृष्ण आडवाणी और गणकरी भी लखनऊ में धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। चुनावी सरगर्मी की बात करें तो प्रचार के दौरान सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस समर्थन संबंधी बयान खासा चर्चा में रहा।
चौथे चरण के प्रचार में राहुल गांधी भी विवाद के घेरे में आ गये। राहुल ने कल लखनऊ में विरोधी दलों के घोषणा पत्रों के मुख्य अंशों को एक कागज में लिखकर उसे झूठ का पुलिंदा बताते हुए फाड़ दिया था। बाद में पता चला की वह उनके ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नामों की लिस्ट थी जो उस समय स्टेज पर मौजूद थे। मालूम हो कि चौथा चरण तकरीबन सभी दलों के लिए काफी महत्वपूर्ण है इसी चरण में भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र लखनऊ पूर्वी से उम्मीदवार है जबकि लखनऊ कैंट क्षेत्र से कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी विधानसभा में पहुंचने की जुगत में हैं।
कांग्रेस विधानमंडल के नेता प्रमोद तिवारी लगातार नौंवी बार जीत का रिकॉर्ड बनाने के मुहाने पर हैं। तिवारी प्रतापगढ़ जिले के रामपुर खास से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा मायावती सरकार में मंत्री नकुल दुबे बक्शी का तालाब और पीस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह रायबरेली से चुनाव मैदान में हैं। बहुचर्चित निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से विधानसभा में एक बार फिर रिकॉर्ड मतों से पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं।













Click it and Unblock the Notifications