नशे में चलाई मंत्री की वैन, तीनों पुलिसकर्मी सस्पेंड

Haryana Police
रोहतक। लोगों को शराब पीकर वाहन न चलाने देने का सुझाव देने वाले खुद ही शराब के नशे में ड्यूटी कर रहे हैं। इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब एक्साइज व जन स्वास्थ्य मंत्री किरण चौधरी ने तीन पुलिसकर्मियों की एसपी से शिकायत की। शिकायत मिलते ही एसपी विवेक शर्मा ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर जांच बैठा दी। मंत्री किरण चौधरी अपने काफिले के साथ रविवार देर रात भिवानी से दिल्ली की ओर जा रही थीं।

मार्ग में उन्हें रोहतक के कलानौर ब्लाक से होकर गुजरना था। पीसीआर कलानौर की डयूटी मंत्री के काफिले के पायलेट के रूप में लगाई गई थी। पीसीआर में एएसआइ सुरेंद्र,कांस्टेबल बिजेंद्र व कांस्टेबल तेजपाल डयूटी कर रहे थे। मंत्री को आने में देर देखकर तीनों ने जमकर शराब पी ली। काफिले के इंतजार में तीनों ने इतनी ज्यादा शराब पी ली, कि पीसीआर वैन को संभालना भी उनके लिए कठिन हो गया।

जब मंत्री का काफिला कलानौर पहुंचा तो उन्हें पीसीआर कलानौर ने पायलेट के रूप में रिसीव कर लिया। पायलेट जब मंत्री के काफिले की अगुआई कर रहा था, उसी दौरान पायलेट की गाड़ी सड़क पर लहराते हुए चलने लगी। थोड़ा लहराने पर पीछे काफिले में चल रही गाडिय़ों ने संभाल लिया। लेकिन थोड़ा आगे चलने पर स्थिति और गड़बड़ हो गई।

पायलेट की गाड़ी सड़क पर इस कदर लहराते हुए दौडऩे लगी कि काफिला अनियंत्रित हो गया। काफिले के अनियंत्रित होते ही मंत्री ने तत्काल इसका कारण पूछा। इस पर पता चला कि पायलेट की गाड़ी ही लहराते हुए चल रही है। उन्होंने तत्काल गाड़ी रुकवाई और पायलेट की गाड़ी में ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों को बुलवाया। जब पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे तो पता चला कि वे नशे में धुत हैं। इस पर उन्होंने ड्यूटी के दौरान शराब पीने के लिए तीनों को जमकर फटकार लगाई और इसकी शिकायत एसपी से कर दी।

शिकायत मिलते ही एसपी विवेक शर्मा ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया। मंत्री की शिकायत मिलते ही एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मियों से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद तीनों पुलिसकर्मी पीसीआर सहित गायब हो गए। पुलिस कर्मियों के मोबाइल स्विच ऑफ थे,वहीं पीसीआर में लगा वायरलेस सेट भी जवाब नहीं दे रहा था।

तीनों रात को वापस थाने भी नहीं पहुंचे। इस पर एसपी ने कलानौर थानाध्यक्ष को तीनों पुलिसकर्मियों के वापस लौटते ही सूचित करने को कहा। सुबह छह बजे तीनों पुलिसकर्मी थाने पहुंच गए। एसपी को जब इस बात की सूचना मिली तो उन्होंने कलानौर थानाध्यक्ष को तीनों का मेडिकल कराने के लिए भेज दिया। तीनों का मेडिकल सीएससी कलानौर में कराया गया। चिकित्सकों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खून व मूत्र के सेंपल ले लिए हैं। इसकी रिपोर्ट मधुबन से आएगी।

बख्शे नहीं जाएंगे दोषी

एसपी रोहतक विवेक शर्मा ने कहा कि शिकायत मिलते ही तीनों को ट्रेस करने की कोशिश की गई। वे रात भर कहा गायब थे इसका जवाब भी नहीं दे सके। वायरलेस पर भी जवाब न देने का कारण वे नहीं बता सके। इस पर आरोपी तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मामले में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+