आजम खां ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां ने आरोप लगाया कि सुलतानपुर के इसौली में उनके हेलीकाप्टर को उतरने के लिये पर्याप्त जगह नहीं देकर उनकी हत्या की साजिश को अंजाम देने की कोशिश की गयी। खां ने कहा मुझे इसौली के इब्राहीमपुर में एक जनसभा को सम्बोधित करना था, लेकिन मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतर सका क्योंकि हेलीपैड बहुत छोटा बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि जिस जगह हेलीपैड बनाया गया वह बमुश्किल 10 गुणा 10 फुट थी और उसके चारों ओर घने पेड़ थे। साथ ही पास में एक गड्ढा भी था। खां ने कहा जिस जगह हेलीपैड बनाया गया वहां तो एक छोटी कार भी नहीं खड़ी हो सकती थी। पायलट ने उतरने से मना किया तो मैंने भी कहा कि यहां नहीं उतरा जाए। उन्होंने कहा मैं जानना चाहता हूं कि किसने मुझे मारने की साजिश रची।
सपा नेता ने कहा कि वह इस सिलसिले में चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। इस बीच, इस बारे में पूछे जाने पर राज्य की संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनीता मेश्राम ने कहा कि सुलतानपुर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगकर समुचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रावधान के मुताबिक हेलीपैड बनवाने का खर्च सम्बन्धित राजनीतिक पार्टी को उठाना होता है, जबकि स्थानीय प्रशासन तकनीकी सहयोग प्रदान करता है।













Click it and Unblock the Notifications