कांग्रेस ने जारी की गोवा चुनाव में पहली सूची
गोवा कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। दोनों दलों में हुए समझौते के मुताबिक कांग्रेस 33 और एनसीपी सात सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची में विश्वजीत राणे का नाम भी शामिल है जो वालपोई से उम्मीदवार होंगे। वह विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र हैं। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ को नवेलीम से चुनाव मैदान में उतारा है।
गोवा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी की गई 22 उम्मीदवारों की प्रथम सूची में मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और उनकी कैबिनेट में शामिल कांग्रेस के सभी सदस्य शामिल हैं। राज्य में तीन मार्च को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की प्रथम सूची आज जारी की गई। इस सूची में दो नये चेहरे हैं लेकिन पार्टी ने विक्टोरिया फर्नांडीस को टिकट नहीं देकर सभी को चौंका दिया है क्योंकि वह कांग्रेस की एकमात्र महिला विधायक हैं। वह सैंट क्रूज से विधायक हैं।
गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुभाष शिरोदकर ने कहा कि 11 उम्मीदवारों की दूसरी और अंतिम सूची की घोषणा कल की जाएगी। पार्टी 40 में से 33 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राकांपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया है, जो सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। विधानसभा अध्यक्ष प्रताप सिंह राणे और शिरोदकर का नाम प्रथम सूची में शामिल है।