यूपी चुनाव: बसपा को छोड़ सभी पार्टियां फिल्मी ग्लैमर के चक्कर में
तड़का लगाने को तैयार हैं।
वोटरों के रिझाने के लिए सभी पार्टियां बॉलीवुड सितारों को चुनावी मंच पर लाने की होड़ में जुटी हैं। इस मामले में भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। करीब आधा दर्जन सितारे यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में इस पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे। शत्रुघ्न सिन्हा, विनोद खन्ना, हेमा मालिनी, स्मृति ईरानी, वाणी त्रिपाठी और महाभारत फेम गजेंद्र सिंह चौहान भाजपा की ओर से प्रचार में उतरेंगे। इनमें से ज्यादातर अरसे से भाजपा से जुड़े हैं। पंजाब में धर्मेंद्र को चुनावी अभियान में उतारने के प्रयास भी कुछ भाजपा नेता कर रहे हैं।
कांग्रेस की ओर से इस मामले में कमान राज बब्बर के हाथ है। सांसद राज बब्बर इस बार पार्टी की ओर से 100-150 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, राज बब्बर को ही कुछ अन्य फिल्मी सितारों को चुनाव प्रचार में लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यूपी में पिछले 22 साल से सत्ता से दूर कांग्रेस यहां प्रचार के लिए श्रीदेवी, डिंपल कपाड़िया और गोविंदा जैसे सितारों से संपर्क साध रही है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे राजेश खन्ना इन दिनों पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। यदि डॉक्टरों ने इजाजत दी तो वह यूपी और पंजाब में चुनावी सभाएं ले सकते हैं।
भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन पूर्वी यूपी में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। अभिनेत्री नगमा भी यूपी के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए जाएंगी। फिल्मी सितारों के मामले में सपा का मंच इस बार सूना रह सकता है। अमर सिंह के पार्टी छोड़ने के कारण संजय दत्त, जया प्रदा और मनोज तिवारी इस बार सपा के मंच पर नहीं दिखाई देंगे। सूत्रों के मुताबिक, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के अनुरोध पर जया बच्चन कुछ चुनावी सभाओं में शामिल हो सकती हैं।













Click it and Unblock the Notifications