छुट्टी के लिए बिफरे छात्र, पुलिस पर पथराव

बृहस्पतिवार सुबह संस्थान में पहुंचते ही छात्र वाइस प्रिंसिपल प्रेम सागर के पास पहुंच गए और धुंध व ठंड होने के कारण छुट्टी किए जाने की मांग की। इस संबंध में प्रबंधन ने डीसी से बात करने के बाद निर्णय लेने की बात कही तो छात्र उग्र हो गए। उन्होंने वहीं पर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर सेक्टर नौ चौकी प्रभारी रामभज वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन छात्रों की भीड़ के कारण वे बेबस थे। इसके बाद छात्र सड़क पर पहुंच गए। इस पर कुछ ही देर में पुलिस की कई जिप्सियां आइटीआइ की ओर दौड़ीं। गुस्साए छात्रों ने आइटीआइ गेट के सामने महिला पीसीआर पर पथराव शुरू कर दिया। पीसीआर इंचार्ज राजवंती व कांस्टेबल श्रीओम ने भागकर जान बचाई। छात्रों ने खाली जिप्सी को बीच सड़क पलट दिया।
इसके बाद छात्रों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। गुस्साए छात्रों ने कई निजी वाहनों पर भी पथराव किया और पुलिस को खदेड़ दिया। एसपी राकेश आर्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही डीएसपी सुरेंद्र भौरिया, राजेश भारद्वाज, जोगिंद्र राठी व तहसीलदार हरिओम अत्रि पहले से ही मौके पर पहुंच गए थे। प्रशासनिक अमले को देखकर छात्र भाग गए। आइटीआइ गेट के सामने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हंगामा काटने वाले कुछ युवकों के खिलाफ प्रबंधन ने कार्रवाई की है। पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications