हरियाणा: युवक की हत्या कर शव जलाने का प्रयास

जिला पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र दांगी ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द हत्यारे का पता लगाकर उसे अरेस्ट किया जाए। उनके मुताबिक आज सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सांपला बाईपास के नजदीक डाइवर्सन रोड पर एक युवक की बॉडी पड़ी है। जानकारी मिलते ही एसएचओ वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को वहां करीब 25 वर्षीय युवक की बॉडी अधजली हालत में सड़क किनारे गड्ढे में पड़ी मिली। बॉडी का कुछ हिस्सा जानवरों द्वारा नौंचा हुआ पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पी.आर. सिंह के निर्देशानुसार सीआईए इंस्पैक्टर अजमेर सिंह की टीम को भी मौके पर बुलवाया गया। एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुला लिया गया। एफएसएल टीम की डॉ. सरोज दहिया ने भी घटनास्थल का मुआयना कर वैज्ञानिक पहलुओं से छानबीन की एवं खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई।
जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र दांगी के मुताबिक अपने ब्यान में मृतक प्रवीन के भाई जितेंद्र ने पुलिस को बताया है कि बीती शाम को उसका भाई प्रवीन अपने दोस्त कर्मवीर को दवाई दिलाकर लाया था और देर शाम से लापता था। रातभर प्रवीन अपने घर नहीं आया तो उसकी पत्नी बंटी ने सुबह इस बारे अन्य परिजनों को सूचना दी।
कुछ सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके सहारे मामले की तेजी से तफ्तीश की जा रही है। हत्यारे का पता लगाकर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अगर, किसी नागरिक के पास भी इस संदर्भ में कोई कारगर सूचना हो तो उसे पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जाएगा और उसे ईनाम भी दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications