जेटली के नाम पर कोई फरेबी चला रहा है टि्वटर

हालांकि रिपोर्ट दर्ज होती ही जेटली बन कर टि्वट करनेवाले ने अपना काम रोक दिया है। पुलिस ने आईपी एड्रेस के आधार पर जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेता अरुण जेटली के कार्यालय से दिल्ली पुलिस में इस तरह की शिकायत देने की पुष्टि हुई है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस एकाउंट से जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को मेसेज गया। मेसेज का मजमून कुछ यूं था - प्रिय उमर अब्दुल्ला, आप एक राज्य के सीएम हैं और आप ट्विटर पर अपना समय क्यों खराब कर रहे हैं। आपको बोलते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।
जब जेटली के ट्विटर एकाउंट से इस तरह के मेसेज मिलने लगे तो वीवीआईपी और जेटली के दोस्तों को काफी अजीब लगा। दोस्तों और परिचितों ने इसकी शिकायत अरुण जेटली से की। फिर अरुण जेटली ने इसकी शिकायत को दिल्ली पुलिस आर्थिक अपराध शाखा में की। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर उन्होंने कोई एकाउंट नहीं खोल रखा है। उनके नाम का इस्तेमाल कर कोई उन्हें बदनाम कर रहा है और विवाद खड़ा करना चाहता है। जेटली की शिकायत पर शाखा के साइबर सेल ने इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी एक्ट-2000 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अरुण जेटली के नाम से बनाए गए इस एकाउंट के 1703 फॉलोअर हैं। इस एकाउंट पर अरुण जेटली की फोटो भी डाली गई है।












Click it and Unblock the Notifications