गरीबों से हमदर्दी का नाटक करते हैं राहुल: सपा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि केन्द्र और राज्य में सर्वाधिक समय कांग्रेस की सरकार रही लेकिन कभी गरीबों के हितों के लिए कोई कार्य नहीं किये। प्रदेश में गरीबों के लिए केन्द्र सरकार की तमाम योजनाएं चल रही हैं जिनका बुरा हाल है। राहुल गांधी बयान देने के बजाय मायावती सरकार के खिलाफ कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मायावती सरकार को सबसे भ्रष्ट बताया है, आखिर वह बता किसे रहे हैं। केन्द्र में उनकी सरकार है और केन्द्र के अधीन कई जांच एजेन्सियां हैं जिनसे वह जांच करवाकर कार्रवाई क्यों नहीं कराते। वहीं प्रदेश विधान सभा के शीतकालीन सत्र की की कार्यवाही को उन्होंने लोकतन्त्र के लिये काला दिन बताया और कहा कि संवैधानिक प्रमुख राज्यपाल को इसे गंभीरता से लेना चाहिये।
शिवपाल ने विधानसभा सत्र को फिर से बुलाने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल बी. एल. जोशी से सदन में हुई समस्त कार्यवाही को रद्द करने का अनुरोध किया है। उन्होंने दोहराया कि उत्तर देश को किसी हालत में बंटने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बसपा और कांग्रेस एक दूसरे की आलोचना करते हैं और केन्द्र में सब मिले हैं। कांग्रेस एक बार फिर लोक लुभावने नारे के साथ जनता के साथ छल करने की जुगत में है लेकिन जनता सब जान गयी है। केन्द्र और राज्य दोनों सरकारें भ्रष्टाचार में आकण्ठ डूबी हुई हैं, इसका खामियाजा इन्हें चुनाव में भुगतना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications