लोकसभा में गूंजी चिदंबरम के इस्तीफे की मांग, दोनों सदन कल तक स्थगित

सदन शुरू हुआ और सबसे पहले हरियाणा के हिसार से नवनिर्वाचित सांसद कुलदीप बिश्नोई ने अपने पद की शपथ ली। उसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ वैसे ही भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान जैसे ही गृहमंत्री पी चिदंबरम ने राजद सांसद रघुवंश प्रसाद द्वारा पूछे गये सदन के पहले सवाल का जवाब देना शुरू किया, वैसे ही भाजपा ने हंगामा शुरू कर दिया। उस समय चिदंबरम कृषि मंत्री शरद पवार के ठीक बगल में बैठे थे। विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी को देखते हुए स्पीकर मीरा कुमार ने लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान विपक्ष ने तेलंगाना, 2जी और काले धन को लेकर खूब नारेबाजी की।
कार्यवाही स्थगित होते ही भाजपा नेता वैंकइया नायडू बाहर निकले और मीडिया से कहा कि जब तक चिदंबरम इस्तीफा नहीं देते तब तक सदन में हंगामा जारी रहेगा। उधर राज्यसभा की कार्यवाही शुरु होने के 10 मिनट बाद ही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। उसके बाद जब 12 बजे फिर से लोकसभा की कार्यवाही शुरु हुई, तो फिर से भाजपाईयों और वाम दलों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सदन के अंदर वी वॉन्ट तेलंगाना, चिदंबरम को हटाओ, चिदंबरम इस्तीफा दें, 2जी का हिसाब दो... आदि नारे लगने शुरू हो गये। इसके अलावा बसपा के सांसद शफीक-उर-रहमान मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर चिल्लाने लगे। शिवसेना के चंद्रकांत खायरे और गणेश दुधगांवकर कपास के दाम पर नारेबाजी करने लगे। तमाम नारेबाजी के बीच सदन की लोकसभा की कार्यवाही को भी कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
आज जिन मुद्दों पर चर्चा होनी थी वो थे- महंगाई, खाद्य वस्तुओं के दाम, सार्वजनिक स्थान (गैरकानूनी अतिक्रमण को हटाने के लिए) बिल में संशोधन, बायोटेक्नोलॉजी रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया बिल 2011 और दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (संशोधन) बिल 2011।












Click it and Unblock the Notifications