सड़क दुर्घटनाओं में भिड़े तीन वाहन, दस की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले दूध के टैंकर और हुंडई वरना कार की टक्कर हुई। फिर कार के पीछे आ रही सूमो गाड़ी भी जा टकराई। सूमो सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने हिसार में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बलंभा निवासी रोशनी, उसका पति रामनिवास, उसके तीन बच्चे गौरव, आशा, काजल के अलावा बाला देवी, पवन, मंगतू, मनोज और वेदप्रकाश शामिल हैं। मंगतू मूल रूप से सिसाय का रहने वाला है, लेकिन पिछले काफी समय से बलंभा में ही काम करता था। ये लोग महम के पास गांव बलंभा से हांसी के नजदीक गांव जग्गाबाड़ा गांव जा रहे थे।
जग्गाबाड़ा में उनके एक रिश्तेदार रामकुमार नायक की गुरुवार दोपहर को मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को अंतिम संस्कार होना था। ये सभी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। सूमो में मृतक रामकुमार का बेटा पवन भी सवार था। पवन समेत सात अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। दूध का टैंकर हिसार से दिल्ली की ओर जा रहा था जबकि कार दिल्ली की तरफ से आ रही थी। कार में सवार सिरसा निवासी गिरधारी, प्रवेश को चोट आई हैं।
हादसे में में बच्ची सहित 6 की मौत
इसराना के गोहाना मार्ग पर एक कैंटर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक कैंटर घटनास्थल पर छोड़कर भाग निकला। घटना मंगलवार देर रात की है। यूपी के राजापुर निवासी ठेकेदार सतीश तिवारी (40) बाइक पर अपने साथी राजाखेड़ी के राजू (24) और गाजियाबाद के महताब (19) को लेकर शाहपुर के पास ईंट भठ्ठे पर जा रहा था।
अमर फिलिंग स्टेशन के पास पानीपत से गोहाना की ओर जा रहे कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं करनाल के कुंजपुरा रोड पर नेवल गांव के पास एक बाइक और दो साइकिलों में कार की टक्कर लग जाने से हुए हादसे में एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घटना बुधवार की है। आरके पुरम निवासी संजीव अपनी पत्नी कुसुम व पांच साल की बेटी मानसी के साथ कलसौरा से बाइक पर लौट रहा था।
नेवल के पास एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मानसी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और संजीव व कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ने दो साइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक साइकिल पर बिजली निगम नेवल का कर्मचारी लालचंद और दूसरी साइकिल पर शामदास नाम का व्यक्ति सवार था। लालचंद की ट्रामा सेंटर और शामदास की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications