कांग्रेस ही नहीं सभी पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त: केजरीवाल

उन्होंने यह भी साफ किया कि कुछ लोगों का यह कहा जाना कि टीम अन्ना को भाजपा व आरएसएस का समर्थन प्राप्त है गलत है क्योंकि भाजपा, सपा व बसपा सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं इसलिए टीम अन्ना का किसी भी राजनैतिक दल से कोई सम्बंध नहीं है।
केजरीवाल ने कांग्रेस के विरोध किये जाने पर टीम अन्ना का पक्ष साफ करते हुए कहा कि कांग्रेस का विरोध करने का अर्थ यह नहीं है कि टीम अन्ना भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सत्ता में कांग्रेस है और वही जनलोकपाल विधेयक संसद में पेश कर सकती है इसलिए पूरा दबाव कांग्रेस पर बना रहेगा।
उन्होंने कहा हमें सिर्फ जनलोकपाल विधेयक चाहिए और प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने अन्ना हजारे को पत्र लिखकर आश्वासन दिया है कि संसद के शीतकालीन सत्र में विधेयक पारित कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस आश्वसन के मद्देनजर टीम अन्ना ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ अभियान को स्थगित कर रखा है।
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस पर दबाव बनाने का तात्पर्य यह नहीं माना जा सकता है कि टीम अन्ना भाजपा या किसी राजनीतिक दल का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा, बसपा और सपा सभी भ्रष्टाचार में डूबी हैं। उन्होंने कहा कि हमारे अभियान को साजिश के तौर पर बदनाम किया जा रहा है। टीम अन्ना के खिलाफ साजिश रची जा रही है तथा टीम के सदस्यों पर हमला हो रहा है। लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं कि टीम में फूट पड़ जाए।
उन्होंने कहा कि हम अग्नि परीक्षा से गुजर लेंगे क्योंकि यह लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ अंतिम मोड़ पर है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वह किसी प्रकार के बहकावे में न आयें। अन्ना के आन्दोलन को कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा और आरएसएस समर्थित कहे जाने पर केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव का एक भाई भारतीय जनता पार्टी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के महासचिव अपनी पार्टी को कमजोर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications