मेरठ में बसपा के निलम्बित विधायक के समर्थकों पर लाठी चार्ज

मेरठ के हस्तिनापुर विधानसभा सीट से विधायक योगेश वर्मा को समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में दो दिन पहले निलम्बित कर दिया गया था। उनके निलम्बन की जानकारी देते हुए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा था कि श्री वर्मा पर आरोप हैं कि वह कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं तथा लोगों का उत्पीडऩ तथा शोषण कर रहे हैं।
इतना ही नहीं प्रदेश अध्यक्ष ने उनके आपराधिक इतिहास पर उंगली उठायी थी जिस कारण उनका टिकट काटते हुए उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था। इस बात देखते हुए सोमवार को उनके समर्थकों ने मेरठ की सड़कों पर प्रदर्शन किया। उनके विधानसभा क्षेत्र में ढेरों समर्थकों ने योगेश वर्मा के पक्ष में प्रदर्शन करते हुए उनके निलम्बन के खिलाफ नारेबाजी की तथा जिला मुख्यालय की ओर बढऩे का प्रयास किया।
मेरठ के मोहाना इलाके में उनके समर्थकों की भारी भीड़ एकत्र हो गयी तथा वह योगेश वर्मा के निलम्बन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वह जिला मुख्यालय की ओर बढऩे का प्रयास कर रहे थे। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में तनातनी हो गयी जिसके बाद पुलिस ने श्री वर्मा के समर्थकों पर लाठियां चला दीं।
पुलिस ने समर्थकों पर जमकर लाठियां भांजी। कई समर्थक बचने के लिए इधर उधर छिपने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे झाडियों व पेड़ों की आड़ में छिपने की कोशिश कर रहे समर्थकों को पकड़-पकड़कर पीटा। पुलिस द्वारा यह प्रतिक्रिया किए जाने के बाद कुछ ही देर में सभी समर्थक भाग खड़े हुए। लाठी चार्ज में वर्मा के कई समर्थकों को गंभीर चोटें आयीं। फिलहाल निलम्बित विधायक की ओर से मामले में किसी प्रकार की प्रतिक्रिया दर्ज नहीं करायी गयी।












Click it and Unblock the Notifications