50 प्रतिशत छूट का लालच देकर 300 लोगों को लूटा

गीता कालोनी निवासी पीड़ित वीना मल्होत्रा ने बताया कि 42 पुरानी गीता कालोनी में एक सितंबर को कुछ लोगों ने एक शोरूम खोला था। शोरूम के मालिक अपनी दुकान में टीवी फ्रिज और घरों में इस्तेमाल होने वाला अन्य सभी सामान बेच रहे थे। शोरूम में मौजूद लोगों ने बताया कि कोई भी सामान को यदि 15 दिन पहले एडवांस देकर बुक कराएंगे तो उन्हें 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। लोगों ने सामान बुक कराकर इन लोगों से सामान भी लिया। जैसे ही यह बात इलाके के लोगों को पता चली कई लोगों ने 50 फीसदी रुपये देकर बड़ी संख्या में सामान बुक करा लिया।
समय पूरा होने के बाद यह लोगों को सामान दे भी रहे थे। इस बीच शनिवार सुबह लोगों को पता चला कि शोरूम वाले वहां पर ताला लगाकर रफूचक्कर हो गए। लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार लोगों को समझाया। एक अन्य महिला रानी नागपाल ने बताया कि कुछ लोगों ने अपनी बच्चियों की शादी के लिए सारा सामान यहां से बुक कराया था। लोगों के मुताबिक करीब तीन सौ लोगों को बदमाशों ने चूना लगाया। इसी तरह एक कथित शो रुम ठगों ने मयूर विहार में भी खोला था।












Click it and Unblock the Notifications