भाजपा का पीएम को जवाब- कहा नहीं चाहते चुनाव

भाजपा के उपाध्यक्ष विनय कटियार ने प्रदेश कार्यालय में कहा कि टू जी स्पेक्ट्रम घोटाले में प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के नाम आने से सरकार की विश्वसनीयता खतरे में पड़ गयी है। कटियार ने कहा कि देश की मौजूदा स्थिति मध्यावधि चुनाव का ही संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है जिसे किसी भी कीमत पर नकारा नहीं जा सकता है। अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी पी. चिदम्बरम के बचाव संबंधी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कटियार ने कहा कि ऐसे बयान से यह संकेत मिलता है कि यदि चिदम्बरम जेल जाते हैं तो प्रधानमंत्री को खुद को इससे बचा नहीं पाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले पर बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी प्रधानमंत्री के बचाव में आ सकती हैं क्योंकि दोनों ही पार्टियों के नेता भी भ्रष्टाचार में शामिल हैं। कटियार ने कहा कि सपा बसपा अपने नेताओं को बचाने के लिए केन्द्र की संप्रग सरकार को बचाने की पूरी कोशिश करेंगे। मायावती द्वारा राज्य में तीन नये जिलों की घोषणा के बारे में कटियार ने कहा कि बसपा नये जिले बनाकर यह अवश्य सोच रही होगी कि इससे उसे सत्ता पर दोबारा आने में मदद मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि अब जनता बसपा सरकार के भ्रष्टाचार को पहचान चुकी है दोबारा जनता उसे सत्ता देने की भूल नहीं करेगी।
कटियार ने कहा कि जनता बसपा को हटाने का मन बना चुकी है। मुसलमानों एवं अन्य को आरक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री मायावती द्वारा प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाने की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनावी हथकंडे से चुनाव परिणाम में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस दौरान पूर्व विधायक अमर सिंह परमापर, दल बहादुर कोरी, रश्मि सिंह, रामशंकर पाल, रामू प्रियदर्शी, रामचरित निषाद, विजय चन्द्र पटेल, शिवराम सिंह चौहान, टीकाराम पटेल व महेन्द्र चौरसिया आदि ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।












Click it and Unblock the Notifications