झगड़ालू पति-पत्नी पर नजर रखेगा सीसीटीवी कैमरा

परिवार परामर्श केंद्र ( फैमिली कोर्ट) की सहमति से गाजियाबाद के एक दंपत्ति के घर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। ये सीसीटीवी कैमरे पति-पत्नी की दैनिक गतिविधियां कैद करेंगे। खास बात यह है कि स्वंय को सही सिद्ध करने के लिए इस दंपति ने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर सहमति जताई है। एक लंबे अर्से से लगातार झगड़ रहे इस दंपत्ति की परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग चल रही है। दोनों शहर के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में चिकित्सक हैं। दोनों की शादी को करीब 18 वर्ष बीत चुके हैं।
पत्नी ने आरोप लगाया है कि शादी के तीन माह बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया गया और पति का किसी और से अफेयर चल रहा है। पुलिस से की गई शिकायत में पत्नी ने कहा कि वह अस्पताल में बराबर की पार्टनर है और ससुराल वाले पार्टनरशिप समाप्त करने के लिए उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पति एक बार उसे चाय में जहरीला पदार्थ देकर मारने की कोशिश भी कर चुका है, जबकि पति का कहना है कि पत्नी चिड़चिडे़पन की शिकार है। इसके चलते वह अपसेट रहती है। इस मामले को लेकर परिवार परामर्श केंद्र में दंपति ने अपना-अपना पक्ष रखा।
परामर्श दाताओं ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अपनी बात पर बल देते रहे और एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते रहे। इसी दौरान पति की तरफ से प्रस्ताव आया कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए जाएं और एक महीने की रिकार्डिग के आधार पर दोषी कौन है, यह पता कर लिया जाए। इस प्रस्ताव पर पत्नी भी सहमत हो गई। परामर्श केंद्र ने भी प्रस्ताव पर सहमति दे दी। शीघ्र ही चिकित्सक की तरफ से पूरे घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एक माह की रिकॉर्डिग देखकर परिवार परामर्श केंद्र यह फैसला लेगा कि पति-पत्नी में कौन गलत है?
सेवानिवृत डिप्टी एसपी एवं परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता एसपी शर्मा का कहना है कि पत्नी की तरफ से पति के विरूद्ध शिकायत की गई है। रिकार्डिग से पता चल जाएगा की गलती किसकी है? अगर पत्नी की गलती है तो उसके द्वारा दी गई शिकायत खारिज कर दी जाएगी और यदि पति की गलती निकलती है तो उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। देश में पारिवारिक मामलों को सुलझाने के लिए यह एक अच्छा प्रयास है। क्योंकि आधुनिक उपकरण को तो नहीं झुठलाया जा सकता।












Click it and Unblock the Notifications