पूर्व मंत्री आजम खां पर रामपुर में मुकदमा दर्ज
लखनऊ। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह के करीबी पूर्व मंत्री आजम खां का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। रामपुर के शहर कोतवाली में श्री खां के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा व चिकित्सालय में हंगामा किए जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आजम खां पर आरोप है कि उन्होंने राजपुर जिला चिकित्सालय के डाक्टर चालूढल व नर्स रेनू जॉनसन से अभद्र व्यवहार किया तथा चिकित्सालय परिसर में अपने समर्थकों के साथ हंगामा किया। ज्ञात हो कि श्री खां किसान की मौत के बाद विरोध करने चिकित्सालय पहुंचे थे जहां उन्होंने जमकर हंमागा किया।
रामपुर के ग्राम मढैयान निवासी किसान अहमद हुसैन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अहमद को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान अहमद की मौत हो गयी। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया इसी दौरान कुछ लोगों ने इसकी जानकारी आजम खां को दे दी।
फिर क्या था आजम खां अपने सौ समर्थकों के साथ जिला चिकित्सालय आ धमके और हंगामा करने लगे। श्री खां ने चिकित्सक व नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। उन्होंने नर्स व चिकित्सक के लिखाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने के लिए प्रदर्शन किया और वहीं धरने पर बैठ गए।
उन्होंने अपने समर्थकों के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस पर पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली। यह सब कुछ देखने के बाद चिकित्सालय प्रशासन ने श्री खां व उनके सौ समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया कि उन्होंने चिकित्सालय परिसर में तोडफोड़ की तथा चिकित्सकों से अभद्र व्यहार किया व सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करायी।
हालांकि अभी तक पुलिस ने अपनी ओर से कोई कदम नहीं उठाया है लेकिन इस बात के आसार बन रहे हैं कि यदि पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से कोई निर्देश मिलता है तो श्री खां तो हिरासत में लिया जा सकता है। उधर आजम खां के इस रवैये से समाज वादी पार्टी भी सकते हैं तथा मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications