लाइव अपडेट- स्‍टैंडिंग कमेटी को भेजा गया अन्‍ना का बिल

नई दिल्‍ली। अन्‍ना हजारे के अनशन का आज नवां दिन है। उनका स्‍वास्‍थ्‍य लगातार गिरता जा रहा है। डॉक्‍टरों ने उन्‍हें ग्‍लूकोज चढ़वाने की सलाह दी है, लेकिन वो मानने को तैयार नहीं हैं। अन्‍ना का कहना है कि ग्‍लूकोज के लिए उनका दिल गवारा नहीं कर रहा है। दूसरी तरफ सरकार में टीम अन्‍ना की अंतिम तीन शर्तों को लेकर घमासान जारी है। हम लाये हैं लाइव अपडेट सीधे दिल्‍ली व देश के विभिन्‍न शहरों से।

6:18 बजे। अभी अभी खबर मिली है कि कार्मिक मंत्रालय ने अन्‍ना हजारे के जन लोकपाल बिल को स्‍टैंडिंग कमेटी को भेज दिया है। हालांकि इस बात की अधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

6:00 बजे। केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक जारी है, लेकिन खबर है कि बैठक में भाजपा जन लोकपाल पर अड़ी हुई है।

5:00 बजे। अन्‍ना हजारे एक बार फिर मंच पर आये और कहा- 1857 से1947 तक चली लड़ाई के बाद इन गद्दारों ने देश को मिट्टी में मिला दिया। हम अपने देश को फिर ऊपर उठायेंगे। मेरा 9 दिन का अनशन पूरा हो गया है। अभी मैं 9 दिन और भूखा रह सकता हूं। मुझे कुछ नहीं होगा, मेरा विश्‍वास रखिये। अगर हो भी जाये तो भी यह लड़ाई जारी रहेगी।

3:30 बजे। सर्वदलीय बैठक शुरू हुई। बैठक में जन लोकपाल बिल पर चर्चा जारी है।

3.30 बजे। अन्ना मु्द्दे पर सर्वदलीय बैठक शुरू।

2:45 बजे। मंच पर बाबा रामदेव ने भारत माता की जय करते हुए लोगों से योग की भाषा में कहा- मुठ्ठी बांध कर कहो भारत माता की जय। बाबा ने कहा- इतने दिन के अनशन के बाद भी अन्‍ना हजारे का हौंसला जवानों के लिए भी बड़ा संदेश है। जो आज अन्‍ना का संकल्‍प है, वो पूरे देश का संकल्‍प है। जिस तरह से जन लोकपाल को लेकर यह गतिरोध जारी है, यह गतिरोध समाप्‍त होना चाहिये।

1:48 बजे। एक बार फिर योग गुरु बाबा रामदेव अन्‍ना के आंदोलन में वापस आ गये हैं। वो पहली बार पिछले बुधवार को तिहाड़ जेल के बाहर अवतरित हुए थे, जिसके बाद वो हरिद्वार चले गये थे।

1:32 बजे। रामलीला मैदान से खबर मिली है कि अन्‍ना का अनशन शाम छह बजे से पहले नहीं टूटेगा।

1:29 बजे। सलमान खुर्शीद के घर पर चल रही बैठक खत्‍म हो गई है। बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल या टीम अन्‍ना के किसी भी सदस्‍य ने औपचारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन सूत्रों की मानें तो बैठक में कोई समाधान नहीं निकला है। यानी सिविल सोसाइटी और सरकार के बीच मतभेद बरकरार है।

1:00 बजे। रामलीला मैदान में मंच पर पहुंचे रघुबीर यादव। उन्‍होंने अन्‍ना के समर्थन में बोलते हुए पीपली लाइव का गीत महंगाई डायन भी गाया।

12:27 बजे। हरियाणा के जींद शहर में सभी दुकानें बंद, लोग सड़कों पर उतरे। वहीं करनाल में भी सभी छोटे-बड़े बाजार बंद कर दिये गये हैं।

12:00 बजे। सलमान खुर्शीद के घर पर लोकपाल बिल पर वार्ता जारी। वहीं लोकसभा में इसी मुद्दे को लेकर बहस जारी।

11:23 बजे : सरकार से बात करने के लिए अन्ना टीम रवाना।

10:56 से 11:14 बजे। अन्‍ना हजारे का भाषण- डॉक्‍टरों के मना करने के बजाये अन्‍ना ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्‍टाचार को खत्‍म करना है तो सरकार को हमारी सभी मांगें माननी होंगी। उन्‍होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक आम आदमी नीचे से लेकर ऊपर तक भ्रष्‍टाचार का सामना करता है। आज जैसे न्‍यायपालिका में दंडात्‍मक कार्रवाई करने के अधिकार हैं, जैसे प्रशासन सेवा भी दंडात्‍मक कार्रवाई के अधिकार लिये हुए हैं। सब को अधिकार हैं, लेकिन उस पर कोई अमल नहीं करता।

ऐसा इसलिए क्‍योंकि यह सिस्‍टम ही गलत है। मैं तो यही कहता हूं कि इस देश का आईएएस आईपीएस अफसरों को देश को बदलने के लिए लाये गये, लेकिन ये अपनी शक्ति का इस्‍तेमाल नहीं करते। इनमें बहुत शक्ति है। ये बड़े बदलाव कर सकते हैं। हमारी सरकार आईएएस-पीसीएस को जनता के सेवक के रूप में चुनती है, लेकिन ये लोग सेवा की जगह मेवा खाने पर विश्‍वास रखते हैं।

आज गरीब की कोई सुन नहीं रहा है। मैने अपना जीवन गरीबों की सेवा को अर्पण कर दिया। यही असली पूजा है। मंदिर में सिर झुकाने से क्‍या होगा। देश एक मंदिर है, जनता ईश्‍वर है, यही सोच कर मैंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में लगा दिया। अब गरीबों की जनता का दु:ख सहन नहीं हो रहा। भ्रष्‍टाचार की जो बाढ़ आ गई है, उसमें जड़ से लेकर ऊपर तक के अधिकारियों को लोकपाल के दायरे में लाओ। अगर कोई भ्रष्‍टाचार में लिप्‍त होता है तो लोकपाल उसकी जांच करेगा। जांच सही पाये जाने पर लोकपाल उसे सजा देगा। जितना पैसे का भ्रष्‍टाचार हुआ, उतना पैसा वसूल करने की शक्ति लोकपाल के पास होगी। उसे नौकरी से निकालने की शक्ति भी होगी।

इन्‍होंने तो इस पूरे देश को बर्बाद कर दिया। सोने की चिडि़या के रूप में जाना जाने वाला भारत आज कर्ज में डूबा हुआ है। हर घर में एक बच्‍चा एक बच्‍चा जनम ले रहा है, 25 हजार की गठरी कंधे पर लेकर। अन्‍ना ने कहा कि सरकार की नियत ठीक नहीं। हर दफ्तर में लिखो कि हमारे दफ्तर में ये ये अधिकारी काम कर रहे हैं। अगर उन्‍होंने काम नहीं किया तो लोकपाल उन्‍हें सजा देगा। उन्‍हें नौकरी से निकाल देगा।

ये लोग नहीं चाते हैं कि कोई लोकपाल आये। जब तक लोकायुक्‍त नहीं आयेगा तब तक भ्रष्‍टाचार खत्‍म नहीं होगा। लोकपाल बिल लाकर लोकायुक्‍त लाना चाहिये। अंतिम तीन मुद्दों पर सरकार की नियत साफ नहीं दिख रही है। लेकिन मैंने तय कर लिया है, जब तक सरकार इन मुद्दों को नहीं मानती, तब तक मैं पीछे नहीं हटूंगा। मेरे जीवन में मैने तय किया है- जीना है जन सेवा के लिए मरना है देश सेवा के लिए। मैं मर जाउंगा लेकिन पीछे नहीं हटूंगा। शरीर में जब तक प्राण हैं तब तक लडूंगा।

अन्‍ना ने कहा कि लड़ने की शक्ति हमें पूरे देश से मिल रही है। कल एक लड़के ने खुद को जला लिया। यह ठीक नहीं है। ऐसी निराशा भरी भावना जीवन में नहीं लाना, मरना है तो लड़ते-लड़ते मरना। तब नाम रौशन होगा। लेकिन अहिंसा के मार्ग पर हिंसा नहीं। निराशा की भावना लाकर हम कहीं बदन पर तेल डालकर जलाना ठीक नहीं। बहुत लंबा रास्‍ता हमें इस देश के लिए तय करना है। मुझे जो आशा की किरण दिखाई दे रही है वो है- हिन्‍दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई जो इस आंदोलन में उतर गये हैं उससे मुझे विश्‍वास है जीत का। आपस में फूट नहीं डालना। कोई फूट डालता है तो उसे आगे नहीं आने दो।

भगवान के घर में सब एक हैं। हम क्‍यों आपस में फर्क करें। लड़का-लड़की का फर्क भी गलत है। एक व्‍यक्ति ने शराब पीकर मीडिया वालों से झगड़ा किया। यह गलत है। कृपया ऐसा नहीं करें। मीडिया ने ही हमारी आवाज़ बुलंद की है। अब मैं यहां रुकता हूं। भारत माता की जय।

10:42 बजे। अन्‍ना हजारे एक बार फिर मंच पर आये और इतने लंबे अनशन के बाद भी बुलंद आवाज के साथ वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाये।

10:34 बजे। रामलीला मैदान में श्री श्री रविशंकर पहुंच चुके हैं। साथ ही किरण बेदी ने महात्‍मा गांधी के गीत रघुपति राघव राजा राम के सुरों के साथ लोगों का मनोबल बढ़ाया।

10:27 बजे। कांग्रेस के एक मंत्री ने बताया कि सरकार ने एक नया ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसे सर्वदलीय बैठक में रखा जा सकता है। यह लोकपाल के लिए चौथा बिल है। खबर है कि यह ड्राफ्ट प्रणब मुखर्जी के सामने रखा जायेगा।

10:00 बजे। पुणे के हिंजेवाडी आईटी पार्क से बाइक रैली शुरू हुई।

9:00 बजे। अरविंद केजरीवाल ने जनता को संबोधित करते हुए बताया कि कल देर रात तक हुई बैठकों में कई शर्तों को सरकार ने मान ली हैं। इनमें प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे में लाने की बात शामिल है। इसके अलावा जजों को लोकपाल के दायरे में लाने के लिए अलग से कानून लाने, सांसदों के भ्रष्‍टाचार को रोकने के लिए धारा 105 के अंतर्गत कार्रवाई करने की बात पर सहमति बन गई है।

8:00 बजे। सलमान खुर्शीद और संदीप दीक्षित ने एक बैठक बुलाई है, जिसमें यूपीए के नेता व कई अधिकारी भी शामिल हैं।

7:30 बजे। लखनऊ, सिरसा, पुणे, बेंगलुरु समेत कई शहरों में स्‍कूली बच्‍चों ने अन्‍ना के समर्थन में रैली निकाली।

7:00 बजे।
डॉक्‍टरों की सलाह को साफ इनकार करते हुए अन्‍ना ने कहा कि ग्‍लूकोज चढ़ाने के लिए उनका दिल गवारा नहीं कर रहा है। हालांकि डॉक्‍टरों ने कहा कि अन्‍ना का स्‍वास्‍थ्‍य कल से बेहतर है।

6:30 बजे। डॉक्‍टरों की टीम ने अन्‍ना के स्‍वास्‍थ्‍य का परीक्षण किया। डाक्‍टरों ने उनके स्‍वास्‍थ्‍य पर चिंता जताते हुए ग्‍लूकोज चढ़ाने की सलाह दी।

बुधवार सुबह 6 बजे। दिल्‍ली समेत कई अन्‍य शहरों में प्रदर्शनों की तैयारियां शुरू हो गईं। अन्‍ना की गिरती सेहत की खबर सुनकर दिल्‍ली ही नहीं बल्कि आस-पास के राज्‍यों से लोग रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं।

मंगलवार को दिन भर की उठापटक के बाद केंद्र सरकार टीम अन्‍ना की 70 प्रतिशत शर्तें मानने को तैयार हो गई, लेकिन तीन शर्तों पर मतभेद अभी बरकरार है। ये तीन शर्तें हैं- निचले स्‍तर की न्‍यायपालिका को लोकपाल के दायरे में लाना, दूसरा सभी राज्‍यों में लोकायुक्‍त की नियुक्ति और तीसरा सिटिजन चार्टर लागू करना।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+