हरियाणा: पैसे डबल करने की 'हेरा-फेरी' करने वाले पकड़े

जिला हनुमानगढ़ के गांव फतेहपुर ढालिया निवासी काका की बुआ गांव झंडाकला में शादीशुदा है। वह अक्सर इस गांव में आता जाता है। बीस रोज पूर्व यहां उसकी मुलाकात खेतीबाड़ी करने वाले सुखदेव सिंह से हुई। काका ने बातों ही बातों में उसे बताया कि वह ऐसे लोगों को जानता है जो नोटों को दुगने करते हैं। मगर उनकी शर्त है कि वो एक लाख रुपए से कम की कीमत को डबल नहीं करते। इस पर सुखदेव ने बताया कि उसके पास इतनी पूंजी नहीं है। वह महज पंद्रह-बीस हजार रुपए ही दे सकता है। कुछ समय बाद काका तैयार हो गया।
सुखदेव के अनुसार शुक्रवार को काका ने उसे फोन करके भावदीन में रुपए लेकर आने को कहा। इसके बाद वह 15 हजार रुपए लेकर भावदीन पहुंच गया। यहां काका ने अपने दो साथियों करणी उर्फ सुरेश निवासी पीर कामडिय़ा (राजस्थान ) व निरंजन निवासी फतेहपुर ढालिया हनुमानगढ़ (राजस्थान) से मुलाकात कराई। बाद में इन तीनों ने मिलकर उससे रुपए ले लिए और कुछ अदल बदल करते हुए एक सील बंद डिब्बा थमा दिया। उसे कहा गया कि यह विशेष डिब्बा है और उसे छह घंटों के लिए फ्रिज में रख दे और उसके बाद खोलेगा तो उसे पैसे डबल मिलेंगे।
सुखदेव को कुछ संदेह हुआ। इसी संदेह के आधार पर उसने पुलिस को इत्तला दी। मगर इसी बीच काका सिंह चकमा देकर फरार हो गया और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसके दोनों साथियों को दबोच लिया। इन दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने जब डिब्बा खोला था उसमें पांच सौ का एक नकली नोट था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 15 हजार रुपए बरामद कर लिए।












Click it and Unblock the Notifications