बिहार गोलीकांड: राहुल गांधी ने लगाया मृतकों के परिजनों के दर्द पर मरहम

वहां पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने पुलिस की गोलीबारी में मारे गए 25 वर्षीय युवक मुस्तफा, 22 वर्षीय मुख्तार, 35 वर्षीया बीबी जासमीन और 10 माह के नौशाद के परिजनों से मुलाकात कर उनसे घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। एसपीजी की कड़ी सुरक्षा में यहां पहुंचे कांग्रेस के युवा नेता ने गोलीबारी में घायल रईस अंसारी की मां फुलिया खातून से कहा कि वह उसके बेटे के दिल्ली के एम्स में बेहतर इलाज की जल्द व्यवस्था करेंगे। गांधी ने पीड़ितों को पार्टी की ओर से हर संभव मदद और मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
वह उस निर्माणाधीन स्टार्च फैक्टरी के परिसर को भी देखने गए जहां ग्रामीणों के रास्ते को चहारदीवारी के भीतर लाने को लेकर झड़प के बाद तीन जून को गोलीबारी हुई थी। सवा एक बजे राहुल गांधी नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मीडियाकर्मियों को उनसे बात नहीं करने दिया गया। गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर सहित कई नेता उपस्थित थे। गोलीबारी में चार अल्पसंख्यकों की मौत ने सियासती रंग ले लिया था। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ नीतीश सरकार की आलोचना की थी।












Click it and Unblock the Notifications