दिल्ली: शकरपुर लूट कांड में पुलिस ने चार को दबोचा

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रभाकर ने बताया कि 20 जून की सुबह पुलिस को खबर मिली कि रमेश पार्क सर्विस लाइन पर कार व बाइक सवार लुटेरों ने एक कार लूट ली है। राजेश कुमार गोयल (28) व रवि कुमार गोयल (26) ने पुलिस को बताया कि वह लक्ष्मी नगर में रहते हैं। उनकी कार में दो बैग थे, जिनमें 15 व 25 लाख रुपये रखे हुए थे। दोनों भाई अपने मामा की कंपनी अदिति इंफ्रा बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी करते हैं और यह रकम भी कंपनी की थी।
बाद में पुलिस को कार गीता कालोनी में ही खड़ी मिल गई थी, जिसमें से एक बैग भी मिला, जिससे 25 लाख रुपये बरामद होना बताया गया। दोनों ने पुलिस को बताया कि काले रंग की ओमिनी वैन व पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार लगभग आधा दर्जन युवकों ने इनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया और कट्टे के बल पर इनकी कार लूटकर भाग गए।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले की जांच में क्राइम ब्रांच भी जुट गई और उसने एंटी रॉबरी शाखा ने जसप्रीत उर्फ बन्नी को गिरफ्तार किया। जांच में शकरपुर थाना पुलिस भी संयुक्त रूप से काम कर रही थी। शकरपुर थाना पुलिस ने जसप्रीत की निशानदेही पर उसके साथी गुरदेव उर्फ विक्की, फहीम व फकरू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इन चारों के पास से एक करोड़ 18 लाख रुपये बरामद किए हैं। फहीम व फकरू बिजनौर के रहने वाले हैं। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लूट की वारदात में पांच से ज्यादा लुटेरे शामिल थे। अब फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज कराने के अगले दिन बताया था कि लुटेरों ने तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लूटी है, जिसके बाद एफआईआर में लूटी गई रकम की तब्दीली कर दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications