चिदंबरम ने कहा भूल जाओं सिक्ख दंगे, भड़की भाजपा

पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि चिदंबरम भूलों को भुलाने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनकी भूलों को भुलाया नहीं जा सकता है। चाहे 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में उनकी भूमिका का सवाल हो या फिर गलत तरीके से लोकसभा चुनाव जीतने की बात। शाहनवाज ने कहा कि चिदंबरम ने वित्त मंत्री रहते 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में 15 जनवरी 2008 को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में अजीब सलाह दी थी। इसमें उन्होंने स्वीकार किया था कि स्पेक्ट्रम दुलर्भ संसाधन है और इसके मूल्य का निर्धारण इसी आधार पर तय होना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को यह भी सलाह दी कि अब मामले को भुला दें।
गौरतलब है कि 142 सिखों का नाम काली सूची से हटाए जाने में चिदंबरम की भूमिका को लेकर उन्हें सम्मानित करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें चिदंबरम ने 1984 की दुखद घटना को याद करते हुए कहा कि देश वहां से आगे निकल चुका है और काली सूची से बड़ी संख्या में सिखों का नाम हटाने का छोटा सा काम बाकी रह गया था, जिसे हाल में सरकार ने पूरा कर लिया है। गृहमंत्री ने कहा, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे,उस वक्त हम आगे बढ़े थे, हम इसके बाद भी आगे बढ़े।
हम उस वक्त आगे बढ़े जब मनमोहन सिंह ने अपने भाषण में माफ करने की अपील की, सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से हम आगे बढ़े हैं। चिदंबरम ने संसद में सिंह के भाषण का हवाला दिया, जब उन्होंने इस घटना को लेकर सिख समुदाय से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा, एक छोटा सा कदम रह गया था,यह कदम काली सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जाने का था। मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि 142 लोगों को काली सूची से हटाए जाने की छोटी सी भूमिका मैंने अदा की।
सरकार ने एक अहम फैसले में अपनी काली सूची से 142 वांछित आतंकवादियों और उनके सहयोगियों का नाम हटा दिया, जिनमें विभिन्न सिख उग्रवादी संगठन प्रमुख भी शामिल हैं। चिदंबरम ने इस बात का जिक्र किया कि सरकार सिख समुदाय की हर शिकायत को दूर करने की हर संभव कोशिश करेगी।












Click it and Unblock the Notifications