सत्य साईं बाबा की हालत बेहद गंभीर, भक्त चिंतित

अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सत्य साईं अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक बाबा के यकृत ने काम करना बंद कर दिया है जबकि हृदय गति कमजोर पड़ गई है। अस्पताल द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि इलाज के बावजूद बाबा के शारीरिक अंगों पर असर नहीं हो रहा है।
अस्पताल के निदेशक ए.एन. सफाया ने अपने बयान में कहा, "निम्न रक्तचाप का लगातार बने रहना यह संकेत दे रहा है कि हृदय गति काफी कमजोर पड़ गई है। शरीर के विभिन्न अंगों के काम करने के मानक भी अस्थिर हैं। अंगों को सामान्य स्थिति में रखने के लिए प्रत्येक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें उचित दवा दी जा रही है।"
बयान में कहा गया कि साईं बाबा को अभी भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। गुर्दे को ठीक ढंग से काम करने के लिए पिछले 12 घंटे के दौरान उनका सफलतापूवर्क डायलिसिस किया गया। फिलहाल उचित दवाओं के कारण शरीर के सभी संकेतक लगभग सामान्य स्तर पर बने हुए हैं।
85 वर्षीय साईं बाबा को उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद 28 मार्च को अस्पताल में भर्ती किया गया था। चिकित्सकों ने बाद में कहा कि उनके कई अंग ठीक से काम नहीं कर रहे। इस बीच, अनंतपुर और रायलसीमा के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पुलिसकर्मियों को हटाकर पुट्टापर्थी में तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पुलिसकर्मियों को यहां लाया जा रहा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में दुकानें, स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सत्य साईं बाबा की बिगड़ती हालत से उनके देश-विदेश के श्रद्धालु चिंतित हैं। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लगा दी है। सुरक्षाबलों ने अस्पताल की भी घेराबंदी कर दी है। अस्पताल की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये गए हैं।
पुलिस ने कस्बे में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए हैं और अंदर प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा का पांच स्तरीय घेरा बनाया गया है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों और अन्य जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रायलसीमा के सभी इलाकों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पुट्टापर्थी भेजा जा रहा है।
अनंतपुर के जिलाधिकारी शाहनवाज कासिम और पुलिस उपमहानिरीक्षक चारू सिन्हा कस्बे में ही सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इस बीच भारी उद्योग मंत्री जे. गीता रेड्डी ने शहर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बाबा का इलाज कर रहे डॉक्टरों के साथ बैठक की। राजस्व मंत्री रघुवीरा रेड्डी ने हैदराबाद में कहा कि बाबा की हालत अत्यंत गम्भीर हो गई है और डॉक्टर उनके अंगों को सक्रिय करने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications