दिल्ली को चारों तरफ से घेरेंगे यूपी के जाट

अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा है कि 28 मार्च तक यदि केंद्र कोई ठोस फैसला नहीं लिया तो लाखों की संख्या में जाट दिल्ली की सीमाओं को सील कर देंगे। यही नहीं दिल्ली को चारों तरफ से ब्लॉक करके सभी रेल-रूट बंद कर देंगे।
हम आपको बता दें कि दिल्ली में मंगलवार की शाम चार बजे जाटों के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक केंद्र सरकार के साथ शुरू हुई है। यदि इस बैठक में जाटों को सफलता मिली तो यह आंदोलन जल्द खत्म भी हो सकता है। हालांकि केंद्र की ओर से ठोस फैसला आने के बाद भी यह आंदोलन हरियाणा में जारी रहेगा, क्योंकि यहां पर जाट आरक्षण समिति के प्रदेश अध्यक्ष हवा सिंह सांगवान ने हरियाणा में भी जाटों को आरक्षण की मांग की है।
यहां पर जाटों ने राज्य सरकार को 25 मार्च तक अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान राज्य सरकार को फैसला करना है कि जाटों को आरक्षण दिया जाए या नहीं। यदि राज्य सरकार ने जाटों की मांगे नहीं मानी तो 28 को हरियाणा के जाट दिल्ली कूच करेंगे। यही नहीं भिवानी-दिल्ली के बाद अब दिल्ली जाने वाले अन्य सभी रेलवे रूटों को पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कोई फैसला न लिए जाने के मद्देनजर अखिल भारतीय जाट संघर्ष समिति ने अपना एक ओर कदम आगे बढ़ाते हुए भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग को भी फतेहगढ़ के पास टैंट गाढ़कर बाधित कर दिया। इससे पहले समिति के पदाधिकारियों की बैठक गांव मय्यड़ में आयोजित की गई।
जहां समिति के प्रदेशाध्यक्ष हवा सिंह सांगवान ने बताया कि जाटों के आरक्षण की मांग को केंद्र सरकार पूरी तरह से जायज मान रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इसकी खिलाफत कर रही है।
उन्होंने कहा कि दी गई समय सीमा के तहत भी सरकार कोई निर्णय नहीं लेती है तथा बल प्रयोग करती है तो जाट अपना प्रदर्शन उग्र कर देंगे जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि वे सरकार को पूरा समय दे रहे हैं, लेकिन उसके बावजूद भी सरकार उनकी मांगों व उनके द्वारा उठाए किए जा रहे आंदोलनों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही, जिसके कारण आमजन को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक हरियाणा में कुल 14 स्थानों पर रेलवे ट्रैक को रोककर प्रदर्शन किया जा रहा है तथा यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक कि उन्हें आरक्षण नहीं दे दिया जाता। उधर हिसार के एसपी हनीफ कुरैशी ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आरएएफ की चार टुकडिय़ों को हांसी व हिसार में तैयार रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications