वसुंधरा राजे चुनी गईं राजस्थान में प्रतिपक्ष की नेता
जयपुर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य इकाई विधायक दल की नेता चुन ली गईं। वह राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता होंगी। इस पद पर राजे के निर्विरोध चुने जाने के साथ ही राजनीतिक हलकों में छह माह से चल रहे अटकलों पर विराम लग गया।
पार्टी विधायक दल की यहां हुई बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू ने राजे के चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। नायडू ने स्पष्ट किया कि राजे की नियुक्ति आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए की गई है।
नायडू ने कहा, "हम निश्चित रूप से सत्ता में लौटेंगे।"
दो निर्दलीय विधायकों- रणवीर पहलवान (टोंक जिला के मालपुरा से) तथा जीवाराम चौधरी (जालौर जिला के संचोर से) ने भी राजे को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर प्रहार करते हुए राजे ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार अपनी हदें पार कर गई हैं। उन्होंने सवाल किया, "मुझे भ्रष्टाचार का आरोपी बताया गया, लेकिन गहलोत क्यों बार-बार मुम्बई जा रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने राजे को अपने पद से इस्तीफा देने को कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications