बीजिंग, शंघाई में जमा हुए प्रदर्शनकारी
बीजिंग, 20 फरवरी (आईएएनएस)। चीन के प्रमुख शहरों बीजिंग और शंघाई में रविवार को हजारों प्रदर्शनकारी जमा हुए लेकिन दोनों ही स्थानों पर पुलिस ने उन्हें तितर-बितर कर दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक बीजिंग में लोग एक रेस्तरां वांगफुजिंग स्ट्रीट के सामने जमा हो गए थे लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने पर वे तितर-बितर हो गए।
लोग दोपहर करीब दो बजे (अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार 06.00 बजे) इकट्ठे होने शुरू हुए थे लेकिन दोपहर 2.50 बजे तक ज्यादातर लोग चले गए थे।
शंघाई में पीपल्स स्क्वेयर के आसपास दोपहर दो बजे के समय ही भीड़ इकट्ठी हुई। वहां पुलिस ने एक आदमी के भाषण शुरू करने के बाद तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। यहां भी करीब 3.10 बजे लोग तितर-बितर हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 'ह्यूमन राइट्स एंड डेमोक्रेसी' के हांगकांग स्थित सूचना केंद्र के मुताबिक 100 से ज्यादा चीनी आंदोलनकारियों को नजरबंद रखा गया है या पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
इससे पहले इंटरनेट पर 13 चीनी शहरों में रविवार दोपहर दो बजे से 'जैस्मीन रिवोल्यूशन' का आह्वान किया गया था। वैसे अब तक इसका आह्वान करने वाले अज्ञात हैं और यह भी पता नहीं चल सका है कि कितने लोग इसमें शामिल हुए। इसमें स्वतंत्रता और लोकतंत्र की अपील भी की गई थी।
ट्यूनीशियाई नेता जिने-अल-अबीदीन बेन अली की जनवरी में बेदखली के लिए चलाए गए आंदोलन को 'जैस्मीन रिवोल्यूशन' के नाम से जाना जाता है।
जानकारी के मुताबिक चीन में इंटरनेट पर 'जैस्मीन' शब्द की खोज के लिए रोक लगा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications