जर्मनी: रक्षामंत्री पर लगा नक़ल का आरोप

मंत्री को पीएचडी की उपाधि देने वाले विश्विधालय ने कहा है कि वो इन आरोपों की जांच कर रहा है.
जर्मनी के रक्षा मंत्री ने अपनी पीएचडी के तहत किसी अन्य के लेख को हूबहू छापने के आरोप से इंकार किया है.
एक अख़बार ने दावा किया था कि रक्षा मंत्री कार्ल थियोडोर ज़ू गुटनबर्ग ने अपनी पीएचडी के तहत अपने व्याख्यान में दूसरों के लेख से नक़ल की थी.
गुटनबर्ग ने 2006 में संविधान पर पीएचडी की थी जिसकी काफ़ी सराहना हुई थी.
उनके शोध का विषय था- 'संविधान और संवैधानिक संधि: अमरीका और यूरोपीय संघ के देशों में संविधान का विकास'.
लेकिन जर्मनी के एक अख़बार 'ज़्यूडडयोचा साइटूंग' ने आरोप लगाया है कि शोध निबंध के कई हिस्से अन्य लोगों के पहले तैयार व्याख्यानों से हूबहू नक़ल किए गए हैं.
शब्दश: नकल
गुटनबर्ग साल 2002 से ही चांसलर एंजेला मर्केल के मंत्रीमंडल के सदस्य रहे हैं और 39-वर्षीय रक्षा मंत्री का नाम कई बार देश के भावी नेता के तौर पर लिया जाता है.
'ज़्यूडडयोचा साइटूंग' का दावा है कि गुटनबर्ग के व्याख्यान में एक अख़बार के लेख और एक भाषण बिना किसी को श्रेय दिए हुए शब्दश: इस्तेमाल किया गया है.
अख़बार का कहना है कि लेख में कई सूत्र भी ठीक तरह से रेखांकित नहीं किए गए हैं.
हालांकि रक्षा मंत्री ने नक़ल के आरोप को सख़्ती से नकारा है, उनका कहना है कि वो व्याख्यान में कमियों की बात की जांच के लिए तैयार हैं.
मंत्री को पीएचडी की उपाधि देने वाले विश्विधालय ने कहा है कि वो इन आरोपों की जांच कर रहा है.
चांसलर मर्केल के एक प्रवक्ता ने कहा है कि वो इस मामले पर नज़र रख रही हैं लेकिन कोई भी फैसला विश्वविधालय की जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा.












Click it and Unblock the Notifications