डेविस की रिहाई के काम न आई केरी की यात्रा
इस्लामाबादो, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या के आरोप में पाकिस्तानी जेल में बंद अमेरिकी राजनयिक रेमंड डेविस की रिहाई के लिए अमेरिकी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। अमेरिकी सीनेट की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष जॉन केरी की पाकिस्तान यात्रा भी उसकी रिहाई सुनिश्चित नहीं करा पाई।
लाहौर में गत 27 जनवरी को दो पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या करने के आरोप में डेविस को गिरफ्तार किया गया था। उसका दावा है कि उसने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। लाहौर के एक स्थानीय न्यायालय में इस मामले की सुनवाई चल रही है।
डेविस की रिहाई के लिए अमेरिका पाकिस्तान के साथ लगातार अपने कूटनीतिक रिश्तों का इस्तेमाल कर रहा है। इसी क्रम में केरी डेविस को राजनयिक संरक्षण का लाभ दिलाने के इरादे से मंगलवार दोपहर बाद पाकिस्तान पहुंचे।
केरी ने बुधवार को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी, विपक्ष के नेता नवाज शरीफ और पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख अशफाक परवेज कयानी से मुलाकात की। उन्होंने इन सभी से डेविस की रिहाई की मांग की।
जरदारी ने केरी से कहा, "मामला जितना साधारण दिखता है उतना है नहीं। यह मामला न्यायालय में है। न्यायालय मामले की पात्रता पर फैसला करेगा।"
टेलीविजन चैनल 'जिओ टीवी' के मुताबिक गिलानी ने स्वीकार किया 'डेविस के मुद्दे पर सरकार कठिन दौर से गुजर रही है।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications