बहुरंगी लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मरु महोत्सव शुरू
महोत्सव में शिरकत करने आए हजारों देशी-विदेशी मेहमानों और जैसलमेर वासियों ने बड़े ही उत्साह के साथ लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनन्द लिया। महोत्सव का उद्घाटन जैसलमेर के जिला कलक्टर गिरिराज सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में आस्ट्रेलियाई मेहमानों इयान डिक्सन व मिस क्रीसमिरकान ने ढोल बजाकर की। इससे पूर्व भव्य शोभायात्रा और सुमधुर भजन गायकी ने मरु महोत्सव को इन्द्रधनुषी लोक रंगों से सरोबार सा कर दिया।
शोभायात्रा में शहनाई वादन, सजे-धजे ऊंटों पर सवार कलाकारों द्वारा बांकिया वादन व मशकवादन, राजस्थान के मशहूर कलाकारों द्वारा कालबेलिया नृत्य, कच्छी घोड़ी नृत्य, गैर नृत्य, उत्तर-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के ख्यातनाम कलाकार समूहों द्वारा विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधि लोकनृत्यों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने शहर को मरु महोत्सव के रंगों से सरोबार कर दिया।
मरु महोत्सव की शेभायात्रा में आगे ही आगे श्रीफल, नीम, पीपल की पत्तियों से सजे मंगल कलश लिये शताधिक परम्परागत वेशभूषा में सुसज्जित बालिकाओं के समूह ने मेहमानवाजी की भावना अभिव्यक्त की।
सजे-धजे ऊंटों पर सवार बी.एस.एफ.के जांबाजों के दल ने आकर्षण बिखेरा। ऊंटों पर मरुश्री व मूंछ प्रतियोगिता के प्रतियोगियों का समूह मरुधरा की संस्कृति से रूबरू कराता रहा।
मरु अंचल की ऐतिहासिक प्रेम गाथा को संकेतित करती मूमल-महेन्द्रा की मनोहारी झांकियों के प्रति ख़ासा जनोत्साह लहराता रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications