कलमाडी के सहयोगी की सीबीआई हिरासत बढ़ी
नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाडी के सहयोगी शेखर देवरुखकर की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) हिरासत अवधि और दो दिनों के लिए बढ़ा दी है। उन्हें 12 फरवरी को पांच दिन की हिरासत में भेजा गया था।
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ओ.पी. सैनी ने पूछताछ के लिए दो दिन की हिरासत बढ़ाए जाने की अनुमति दी। देवरुखकर को 11 फरवरी को पुणे से गिरफ्तार किया गया था।न्यायाधीश ने कहा, "मैं घोटाले से जुड़ी पूरी साजिश के बारे में और जानकारी जुटाने को लेकर और पूछताछ करने के लिए पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग से संतुष्ट हूं। आरोपी देवरुखकर की हिरासत 19 फरवरी तक बढ़ाई जाती है।"
सीबीआई की याचिका का विरोध करते हुए देवरुखकर के वकील हरिकृष्ण ने कहा, "पुलिस हिरासत बढ़ाना उचित नहीं है।"गौरतलब है कि पिछले साल तीन से 14 अक्टूबर के दौरान दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारी पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगते रहे हैं।
सरकार ने 24 जनवरी को कलमाडी और राष्ट्रमंडल खेल समिति के महासचिव ललित भनोट को बर्खास्त कर दिया था।सीबीआई ने इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति से जुड़े तीन अधिकारियों टी. एस. दरबारी, संजय महेंद्रु और एम. जयचंद्रन को गिरफ्तार किया था। बाद में तीनों अधिकारियों को जमानत मिल गई।












Click it and Unblock the Notifications