बसपा और भाजपा से गठजोड़ नहीं : अजित सिंह
लखनऊ, 17 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह ने गुरुवार को कहा कि 2012 में होने वाले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में गठजोड़ को लेकर उनकी अभी किसी भी दल से कोई बात नहीं हुई है। गठबंधन की अटकलों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से रालोद का कोई गठजोड़ नहीं होगा।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर उनकी किसी से कोई वार्ता नहीं हुई है। छोटे दलों से संभावित गठजोड़ का संकेत देते हुए सिंह ने कहा, "हम लोग सही वक्त का इंतजार कर रहे हैं। वैसे भी अभी चुनाव में सालभर से ज्यादा समय बाकी है।"
रालोद प्रमुख ने कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून एवं व्यवस्था व विकास आदि मुद्दों पर आम जनता बसपा सरकार को सत्ता से हटाने का पूरा मन बना चुकी है। प्रदेश व क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत विकल्प नहीं मिलेगा तो हर विधानसभा क्षेत्र में जनता उसे जिता देगी जो बसपा को हराने में सक्षम होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications