यमन में राष्ट्रपति के समर्थकों और विरोधियों में झड़प, 15 घायल ( लीड-1)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह के खिलाफ अपना प्रदर्शन लगातार सातवें दिन गुरुवार को भी जारी रखा।
अदन शहर के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को पुलिस के साथ हुई झड़प के दौरान गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई।
राष्ट्रपति सालेह के सत्ता छोड़ने की मांग को लेकर सना विश्वविद्यालय में करीब 500 सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। यहां उनकी सरकार समर्थकों के साथ हिंसक झड़प हुई। इसमें कम से कम 15 प्रदर्शनकारी घायल हुए।
बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने कहा, "लोग इस शासन का अंत चाहते हैं। लोग चाहते हैं कि राष्ट्रपति सालेह और उनके परिवार के सदस्य हट जाएं।"
एक प्रदर्शनकारी हमौद नाजी ने कहा, "अनियंत्रित भ्रष्टाचार देश को खोखला कर रहा है और इससे हम भी प्रभावित हो रहे हैं। यमन के लोग बदलाव चाहते हैं और इसके लिए क्रान्ति की आवश्यकता है।"
इससे पहले रविवार को विपक्षी गठबंधन के नेता सत्ताधारी पार्टी के साथ राष्ट्रीय वार्ता में शमिल होने और विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए राजी हो गए थे। लेकिन विपक्षी गठबंधन का कहना है कि इसके लिए सालेह को वर्ष 2013 मेंइस्तीफा देने का वादा करना होगा।
विपक्षी गठबंधन ने सेना के अलावा अन्य विभागों में शीर्ष पदों पर कायम राष्ट्रपति के परिवार के सदस्यों को हटाने की मांग की थी, जिसमें सालेह के पुत्र अहमद अली भी शामिल हैं। ऐसी सम्भावना है कि उन्हें अगला राष्ट्रपति बनाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications