केंद्रीय योजना के विज्ञापन में 'झूठी मुस्कान' सामने आई
हाथरस, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के प्रकाशित विज्ञापन में उत्तर प्रदेश के कुछ बुजुर्गो की मुस्कान वाली तस्वीर दिखाकर उन्हें योजना का लाभार्थी बताया गया है, जबकि इन बुजुर्गो ने इसे 'धोखा' करार देते हुए दावा किया है कि उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
प्रदेश के हाथरस जिले के लुटसान गांव के कुछ पुरुष और महिला बुजुर्गो का कहना है कि कानपुर के एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में 11 फरवरी को प्रकाशति विज्ञापन में उन्हें केंद्र सरकार की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभार्थी दर्शाया गया है और उनके मुस्कराते चेहरों का इस्तेमाल योजना के प्रचार में किया गया।
उन्होंने गुरुवार को जिला प्रशासन से इस सम्बंध में शिकायत करते हुए दावा किया कि उन्हें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत एक रुपया भी नहीं मिला है।
समाचार पत्रों में आधे पृष्ठ में प्रकाशित इस विज्ञापन के ऊपरी हिस्से में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तस्वीरें और नीचे की तरफ इन बुजुर्गो को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभार्थी बताकर मुस्कराते चेहरे के साथ दर्शाया गया है।
विज्ञापन में अपनी तस्वीर देखकर हैरान बुजुर्ग विजय सिंह ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "हमें बेवकूफ बनाकर हमारे साथ धोखा किया गया..छह माह पहले कुछ लोग हमारे गांव आए और कहा कि एक जनकल्याणकारी योजना में इस्तेमाल के लिए वे हमारी मुस्कान वाली तस्वीर खींचेंगे। बाद में जब हमने देखा कि हमारी तस्वीरें ऐसी योजना के विज्ञापन में इस्तेमाल की गई जिसका हमें लाभ ही नहीं मिला, तो हम दंग रह गए।"
सिंह के मुताबिक कुछ दिन पहले कानपुर से आए उनके एक रिश्तेदार वह समाचार पत्र लेकर आए जिसमें छपे विज्ञापन को देखकर उन लोगों को इसकी जानकारी हुई।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार द्वारा सम्पोषित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत गरीबी रेखा के नीचे के 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 300 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है।
इस बारे में जब हाथरस के जिलाधिकारी एम.एम.खान से आईएएनएस ने पूछा तो उन्होंने कहा, "बुजुर्गो ने विज्ञापन के सम्बंध में हमसे शिकायत की है। गहन जांच-पड़ताल करने के बाद ही हम इस मामले पर कोई टिप्पणी करेंगे।" खान ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इस मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications